Double Down Bar Case: बिष्टुपुर थाना प्रभारी पर गिरी गाज, निरंजन कुमार बने नए थाना प्रभारी
जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन बार के बाहर हुए हत्याकांड में लापरवाही के आरोप में थाना प्रभारी आलोक दुबे को निलंबित कर दिया गया है। उनकी जगह निर ...और पढ़ें

आलोक दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
HighLights
निरंजन कुमार को बिष्टुपुर का नया थाना प्रभारी नियुक्त।
एसएसपी पीयूष पांडेय ने लापरवाही पर की बड़ी कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डबल डाउन बार के बाहर हुए हत्याकांड में पुलिस विभाग ने एक और बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है।
वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) पीयूष पांडेय ने मामले में बड़ी लापरवाही और जिम्मेदारी तय होने के बाद बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक दुबे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबन के बाद उनकी जगह पुलिस निरीक्षक निरंजन कुमार को बिष्टुपुर थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।
गश्ती दल के बाद अब थाना प्रभारी पर गाज
गौरतलब है कि डबल डाउन बार के बाहर हुई हत्या के बाद से ही स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली और मौके पर मुस्तैदी को लेकर लगातार गंभीर सवाल उठ रहे थे।
पुलिस विभाग इस मामले में लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। इससे पूर्व भी कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में गश्ती दल (पेट्रोलिंग पार्टी) के तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया जा चुका है।
जवाबदेही तय करने की दिशा में बड़ा कदम
थाना प्रभारी आलोक दुबे के खिलाफ की गई इस कार्रवाई को पुलिस मुख्यालय द्वारा कानून-व्यवस्था और अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। एसएसपी के इस कड़े रुख से पूरे महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।
अब नए थाना प्रभारी निरंजन कुमार के पदभार ग्रहण करने के बाद, इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की पेंडिंग जांच को गति देने और शहर की चरमराती कानून-व्यवस्था को पटरी पर लाने की पुलिसिया कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
सरयू आनंद बने बर्मामाइंस थाना प्रभारी
शहर के पुलिस महकमे में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने तीन इंस्पेक्टर की पदस्थापना की है। जारी आदेश के तहत इंस्पेक्टर सरयू आनंद को बर्मामाइंस थाना का नया प्रभारी बनाया गया है।
वहीं, बर्मामाइंस थाना प्रभारी निरंजन कुमार को बिष्टुपुर थाना की कमान सौंपी गई है। निरंजन कुमार इससे पहले मानगो और सीतारामडेरा थाना प्रभारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
इधर, बिष्टुपुर साइबर अपराध थाना में पदस्थापित मो. कद्दूस को गोलमुरी ट्रैफिक थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। सरयू आनंद अब तक गोलमुरी ट्रैफिक थाना प्रभारी के पद पर कार्यरत थे।
एसएसपी के इस प्रशासनिक फेरबदल को शहर की कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नए पदस्थापित अधिकारियों ने जल्द ही अपने-अपने कार्यभार संभालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।