हिमांशु सिंह हत्याकांड: ₹2 लाख का इनामी बोदरा अब भी फरार, पुलिसवालों पर केस दर्ज करने पर अड़े परिजन
जमशेदपुर में करणी सेना नेता हिमांशु सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी बोदरा अभी भी फरार है, जिस पर 2 लाख का इनाम है। परिजनों ने मौके पर पुलिस की लापरवाही ...और पढ़ें

हिमांशु हत्याकांड का मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल।
HighLights
हिमांशु सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी बोदरा अभी भी फरार।
परिजनों ने लापरवाह पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा मांगा।
जासं, जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन (DD) बार के बाहर करणी सेना के नेता हिमांशु सिंह की नृशंस हत्या और उनके साथी प्रत्युष सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस की जांच जारी है।
हालांकि, वारदात के कई दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपी का पुलिस की गिरफ्त से बाहर होना अब जिला पुलिस की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।
अपराधी बोदरा बना पुलिस के लिए चुनौती
इस हत्याकांड में पुलिस अब तक बार से जुड़े कर्मियों सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज चुकी है। लेकिन मामले का मुख्य नामजद आरोपी गम्हरिया निवासी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा अब भी फरार है।
पुलिस ने बोदरा पर 2 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
मूकदर्शक बनी पुलिस पर कार्रवाई की मांग
इस वारदात में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की भूमिका को लेकर जनता और परिजनों में भारी आक्रोश है। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों का आरोप है कि घटनास्थल पर पुलिस वाहन की मौजूदगी के बावजूद अपराधियों ने हिमांशु को वैन के पास से घसीटा और चापड़ से ताबड़तोड़ वार किए।
इनका कहना है कि यदि पुलिसकर्मी समय रहते हस्तक्षेप करते और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाते, तो हिमांशु की जान बचाई जा सकती थी।
चार सस्पेंड, पर हत्या के मुकदमे पर अड़े परिजन
लापरवाही के आरोप में अब तक बिष्टुपुर थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को suspend किया जा चुका है। लेकिन मृतक के पिता और आंदोलनकारी इससे संतुष्ट नहीं हैं।
उनकी प्रमुख मांग है कि ड्यूटी पर तैनात लापरवाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या और साजिश की धाराओं में आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाए।
फिलहाल प्रशासन ने इस मांग पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है, जिससे शहर के प्रबुद्ध नागरिकों और परिजनों के बीच व्यवस्था को लेकर तीखी बहस छिड़ी हुई है।
यह भी पढ़ें- हिमांशु हत्याकांड के बाद हुए बंद पर कानूनी पेंच; भाजपा ने कहा- लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन कर रही पुलिस
यह भी पढ़ें- हिमांशु हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई: खाटू श्याम मंदिर जाते समय राजस्थान से दबोचा गया भाजपा नेता नीरज सिंह
यह भी पढ़ें- पुलिस के सामने मारा गया मेरा इकलौता बेटा- हिमांशु सिंह मर्डर केस में पिता अरविंद सिंह ने की CBI जांच की मांग