मानगो जेपी सेतु बस स्टैंड का होगा कायाकल्प, 5.51 करोड़ से मिलेगी आधुनिक सुविधाएं
जमशेदपुर के मानगो जेपी सेतु बस स्टैंड को 5.51 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक बनाया जाएगा। इससे यात्रियों को ...और पढ़ें

आधुनिक टर्मिनल, डिजिटल टिकटिंग, फूड कोर्ट, पार्किंग व सुरक्षा की रहेगी पुख्ता व्यवस्था।
HighLights
आधुनिक प्रतीक्षालय, डिजिटल टिकटिंग और ऑनलाइन सुविधाएँ मिलेंगी।
सीसीटीवी निगरानी, फूड कोर्ट और पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था।
5.51 करोड़ रुपये की लागत से होगा बस स्टैंड का आधुनिकीकरण।
मनोज सिंह, जमशेदपुर। शहर के सार्वजनिक परिवहन तंत्र को मजबूत करने की दिशा में मानगो जेपी सेतु बस स्टैंड को अत्याधुनिक स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। बस स्टैंड को आधुनिक सुविधाओं से लैस परिवहन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव मिल सके।
इसके साथ ही शहर में बस संचालन अधिक सुव्यवस्थित होगा और यातायात व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। इस पर 5.51 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। जमशेदपुर अक्षेस के प्रशासक योगेंद्र प्रसाद के आदेश के बाद राशि की स्वीकृति के लिए जुलाई 2026 में नगर विकास विभाग को पत्र लिखा गया है।
योजना के तहत बस स्टैंड में यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, डिजिटल टिकट काउंटर, आनलाइन टिकटिंग सुविधा, इलेक्ट्रानिक डिस्प्ले बोर्ड, सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली, स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय, दिव्यांगजन के लिए रैंप एवं विशेष सुविधाएं विकसित किए जाएंगे।
यात्रियों की सुरक्षा के लिए परिसर में सीसीटीवी कैमरे से लैस रहेगी। बसों के सुचारु संचालन के लिए अलग-अलग आगमन और प्रस्थान लेन, पर्याप्त पार्किंग तथा ट्रैफिक प्रबंधन की विशेष व्यवस्था होगी।
परिसर में फूड कोर्ट, रेस्टोरेंट, छोटे व्यावसायिक प्रतिष्ठान और चार्जिंग प्वाइंट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि यात्रियों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सेवाएं मिल सकें। अत्याधुनिक बस स्टैंड बनने से शहर और आसपास के जिलों के बीच बस परिचालन अधिक व्यवस्थित होगा।
इससे यात्रियों की भीड़ का बेहतर प्रबंधन होगा, जाम की समस्या में कमी आएगी और स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही यह बस स्टैंड शहर की आधुनिक परिवहन व्यवस्था का नया केंद्र बनेगा।
अत्याधुनिक बस स्टैंड में होंगी ये प्रमुख सुविधाएं
- वातानुकूलित एवं विशाल प्रतीक्षालय
- डिजिटल टिकट काउंटर और आनलाइन टिकटिंग
- इलेक्ट्रानिक सूचना एवं डिस्प्ले बोर्ड
- सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था
- स्वच्छ शौचालय एवं पेयजल सुविधा
- फूड कोर्ट, रेस्टोरेंट और दवा दुकान
- मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट और वाई-फाई
- दिव्यांगजन के लिए रैंप एवं विशेष सुविधाएं
- बसों के लिए अलग आगमन-प्रस्थान लेन
- आटो, निजी वाहनों के लिए पार्किंग
- सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली
- बैठने की पर्याप्त व्यवस्था और स्वच्छ परिसर
यह भी पढ़ें- आठ सालों में चेयरमैन एन चंद्रशेखरन का वेतन तीन गुना बढ़ा, पर टाटा संस का मुनाफा घटा
