Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'हाथ जोड़ते हैं, हमारा भविष्य मत उजाड़िए': JFC खिलाड़ियों की टाटा समूह से भावुक गुहार, वायरल वीडियो ने झकझोरा

    By Jitendra Kumar SinghEdited By: Sanjeev Kumar
    Updated: Sat, 01 Aug 2026 11:15 PM (IST)

    टाटा स्टील द्वारा जमशेदपुर एफसी (जेएफसी) को बंद करने के फैसले से आहत खिलाड़ियों ने टाटा समूह से भावुक अपील की है। ...और पढ़ें

    इंस्टाग्राम पर हाथ जोड़कर टाटा समूह से की पुनर्विचार की मार्मिक अपील।

    इंस्टाग्राम पर हाथ जोड़कर टाटा समूह से की पुनर्विचार की मार्मिक अपील।

    HighLights

    1. जेएफसी खिलाड़ियों ने टाटा समूह से भावुक अपील की।

    2. वायरल वीडियो में क्लब बंद न करने की गुहार लगाई।

    3. भारतीय फुटबॉल के भविष्य पर संकट की चिंता जताई।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। टाटा स्टील द्वारा जमशेदपुर एफसी (जेएफसी) को बंद करने के कड़े फैसले से सदमे में आए खिलाड़ियों ने अब सीधे टाटा समूह के शीर्ष नेतृत्व से भावुक गुहार लगाई है। 
     
    शुक्रवार को सोशल मीडिया पर जारी एक बेहद मार्मिक इंस्टाग्राम वीडियो में हताश खिलाड़ियों ने हाथ जोड़कर इस फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है। 
     
    खिलाड़ियों ने स्पष्ट कहा कि यह क्लब लाखों युवाओं की उम्मीद और भारतीय फुटबॉल की आत्मा है, इसे बंद कर देश में फुटबॉल का भविष्य बर्बाद न किया जाए।
     

    कदमा फ्लैटलेट्स से जारी वीडियो में दिखी बेबसी

    कदमा स्थित जेएफसी फ्लैटलेट्स से बनाए गए इस इंस्टाग्राम वीडियो में खिलाड़ियों की बेबसी और हताशा साफ झलक रही है।

    वीडियो में टीम के वरिष्ठ डिफेंडर प्रतीक चौधरी के साथ लगभग एक दर्जन से अधिक भारतीय खिलाड़ी बेहद उदास बैठे नजर आ रहे हैं। उनके चेहरों पर सन्नाटा और आंखों में अपने करियर को लेकर तैरता खौफ स्पष्ट देखा जा सकता है।

    कैमरे के सामने हाथ जोड़कर खिलाड़ियों ने संदेश दिया:

    •     हम जमशेदपुर के खिलाड़ी हाथ जोड़कर टाटा के शीर्ष नेतृत्व से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की विनती करते हैं। कृपया भारतीय फुटबॉल का भविष्य बर्बाद न करें। यह क्लब भारतीय फुटबॉल की धड़कन और आत्मा है तथा लाखों उभरते खिलाड़ियों की एकमात्र उम्मीद है।

    इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा यह वीडियो देश भर के खेल प्रेमियों को भीतर तक झकझोर रहा है।

     

    बेंगलुरु FC के मालिक पार्थ जिंदल ने जताई चिंता

    खिलाड़ियों की इस दर्दभरी अपील को पूरी भारतीय फुटबॉल बिरादरी का व्यापक समर्थन मिल रहा है। बेंगलुरु एफसी के मालिक पार्थ जिंदल ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर जेएफसी को बंद करने के कदम को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। 
     
    उन्होंने लिखा कि खेल के विकास के लिए स्थानीय क्लब बेहद महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि बिना मजबूत क्लबों के कोई मजबूत राष्ट्रीय टीम नहीं बन सकती। 
     
    सोशल मीडिया पर फैंस पार्थ जिंदल से भी गुजारिश कर रहे हैं कि वे अपने कॉर्पोरेट संपर्कों का इस्तेमाल कर टाटा समूह से इस विषय पर वार्ता करें।
     

    विदेशी खिलाड़ियों का भी छलका दर्द

    जेएफसी के साथ पिछले सत्रों में जुड़े रहे कई विदेशी और पूर्व खिलाड़ियों ने भी इंस्टाग्राम पर गहरी निराशा व्यक्त की है। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा कि टीम का संचालन बंद होने की खबर अत्यंत दुखद है। 
     
    उन्हें उम्मीद है कि यह फैसला केवल अस्थायी होगा और क्लब जल्द ही भारतीय फुटबॉल के शीर्ष मंच पर वापसी करेगा। विदेशी खिलाड़ियों ने अपने संदेश का अंत जेएफसी के प्रसिद्ध स्लोगन 'जम के खेलो जमशेदपुर' के साथ किया।


    उल्लेखनीय है कि ट्रांसफर विंडो के अंतिम चरण में अचानक टीम बंद होने की घोषणा से खिलाड़ियों और उनके परिवारों के सामने आजीविका व भविष्य का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- ISL से बाहर हुई JFC: मझधार में खिलाड़ियों का करियर, छलके आंसू; टाटा स्टील ने जमशेदपुर एफसी से खींचा हाथ

    यह भी पढ़ें- डूरंड कप में दिखेगा जमशेदपुर एफसी के युवाओं का दम: प्रणय हलदर की कप्तानी में मेन ऑफ स्टील रचेंगे नया इतिहास