Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जेएसए लीग में बड़ा एक्शन: नियमों के उल्लंघन पर टाटा स्टील फुटबॉल टीम के कटे अंक, दो खिलाड़ी निलंबित

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 07:38 PM (IST)

    जमशेदपुर स्पोर्टिंग एसोसिएशन (JSA) ने नियमों के उल्लंघन पर टाटा स्टील फुटबॉल टीम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। दो खिलाड़ियों पर एक साल का प्रतिबंध लगा ...और पढ़ें

    प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।(AI Generated Image)

    प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।(AI Generated Image)

    HighLights

    1. दो खिलाड़ियों बिरसा टुडू, अस्मित साहिल पर एक साल का प्रतिबंध।

    2. नियम उल्लंघन पर टाटा स्टील के सात मैचों के अंक शून्य।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। जमशेदपुर स्पोर्टिंग एसोसिएशन (JSA) ने प्रीमियर डिवीजन फुटबॉल लीग में नियमों की अनदेखी करने पर टाटा स्टील फुटबॉल टीम के खिलाफ बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। 
     
    दैनिक जागरण में अयोग्य खिलाड़ियों को मैदान में उतारने का मामला प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद एसोसिएशन ने कड़ा रुख अपनाया। 
     
    जेएसए ने टीम के दो खिलाड़ियों पर एक साल का प्रतिबंध लगा दिया है, साथ ही टाटा स्टील के उन सभी सात मैचों के अंक शून्य कर दिए हैं जिनमें इन खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
     

    जांच में सही पाए गए आरोप

    जेएसए की फुटबॉल सब-कमेटी द्वारा की गई विस्तृत जांच में यह स्पष्ट हुआ कि टाटा स्टील ने खिलाड़ी बिरसा टुडू और अस्मित साहिल बलमुचू को निर्धारित नियमों के विरुद्ध टीम में शामिल किया था। 
     
    बिरसा टुडू कर्नाटक के किक स्टार्ट एफसी और अस्मित साहिल राजस्थान के फुटबॉल क्लब ब्रदर्स यूनाइटेड से पंजीकृत थे।
     
    नियमानुसार, बाहरी राज्यों से आए खिलाड़ियों को जेएसए लीग में खिलाने के लिए संबंधित राज्य फुटबॉल संघों से इंटर-स्टेट ट्रांसफर और वैध अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) अनिवार्य होता है। 
     

    तत्काल प्रभाव से निलंबन

    टाटा स्टील द्वारा प्रस्तुत किए गए एनओसी केवल क्लब स्तर के थे, जिन्हें जेएसए ने अमान्य करार दिया। एसोसिएशन ने जेएसए नियमावली की धारा 12(A) का हवाला देते हुए बिरसा टुडू और अस्मित साहिल बलमुचू को फुटबॉल की सभी गतिविधियों से एक वर्ष के लिए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। 
     
    जेएसए ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति होने पर संबंधित क्लब को लीग से निष्कासित भी किया जा सकता है। जेएसए के इस कड़े निर्णय के बाद अंक तालिका में बड़ा उलटफेर हुआ है। 
     

    सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हुई टाटा स्टील 

    सात मैचों के अंक कटने से टाटा स्टील की टीम तालिका में सीधे सबसे निचले पायदान पर पहुंच गई है, जिससे उसके लिए सेमीफाइनल के दरवाजे बंद हो चुके हैं। 
     
    टाटा स्टील के कटे हुए अंक प्रतिद्वंद्वी टीमों को आवंटित कर दिए गए हैं। एसोसिएशन के इस फैसले को जेएसए की उच्च समिति ने अपनी मंजूरी दे दी है, जिसके बाद इसे अंतिम और बाध्यकारी माना गया है।