जमशेदपुर: मानगों में आवारा कुत्तों की बढ़ती आबादी पर लगेगी लगाम, 6 महीने चलेगा नसबंदी अभियान
मानगो नगर निगम ने आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और रेबीज के खतरे को देखते हुए छह माह का विशेष बंध्याकरण और टीकाकरण अभियान शुरू करने का फैसला किया है। ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
मानगो निगम का छह माह का विशेष बंध्याकरण अभियान।
आवारा कुत्तों की नसबंदी और एंटी-रेबीज टीकाकरण होगा।
कुत्तों की आबादी नियंत्रण और रेबीज खतरा कम करना लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। मानगो के गली-मोहल्लों में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और रेबीज के संभावित खतरे को देखते हुए मानगो नगर निगम ने छह माह का विशेष अभियान चलाने का फैसला किया है। अभियान के तहत आवारा कुत्तों का बंध्याकरण (नसबंदी) किया जाएगा और उन्हें एंटी-रेबीज का टीका भी लगाया जाएगा।
अपर नगर आयुक्त जितेंद्र यादव के निर्देश पर तैयार की गई इस योजना का मुख्य उद्देश्य आवारा कुत्तों की बढ़ती आबादी पर नियंत्रण करना और लोगों को डाग बाइट व रेबीज के खतरे से राहत दिलाना है।
नगर निगम का मानना है कि अभियान पूरा होने के बाद मानगो क्षेत्र में आवारा कुत्तों की समस्या में काफी कमी आएगी। अभियान के दौरान पशुओं के साथ किसी भी प्रकार की क्रूरता न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि यह कार्य केवल भारतीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड से मान्यता प्राप्त गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) या पशु कल्याण संस्थाओं के माध्यम से ही कराया जाएगा।
जल्द ही संबंधित संस्था का चयन कर अभियान शुरू किया जाएगा। निगम को उम्मीद है कि इस पहल से आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित होगी और क्षेत्र में रेबीज के खतरे को भी काफी हद तक कम किया जा सकेगा।