5 दिनों का तलाशी अभियान समाप्त: स्वर्णरेखा नदी से मिला NIT छात्र मीर हसन का शव, संस्थान में शोक का माहौल
एनआईटी जमशेदपुर के छात्र मोहम्मद मीर हसन तनवीर का शव आसंगी चेक डैम में डूबने के पांच दिन बाद स्वर्णरेखा नदी से बरामद किया गया। पश्चिम बंगाल निवासी तनव ...और पढ़ें

छात्र का शव जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित दोमुहानी के पास स्वर्णरेखा नदी से मिला।
HighLights
एनआईटी जमशेदपुर के छात्र मीर हसन तनवीर का शव बरामद।
सोनारी दोमुहानी के पास स्वर्णरेखा नदी से मिला।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित आसंगी चेक डैम में रविवार को डूबे एनआईटी जमशेदपुर के छात्र मोहम्मद मीर हसन तनवीर का शव घटना के पांचवें दिन गुरुवार को बरामद कर लिया गया।
छात्र का शव जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित दोमुहानी के पास स्वर्णरेखा नदी से मिला। सूचना मिलते ही छात्र के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पश्चिम बंगाल निवासी मोहम्मद मीर हसन तनवीर एनआईटी जमशेदपुर में मेटालर्जी विभाग के चौथे वर्ष (फाइनल ईयर) के छात्र थे। रविवार को वह अपने दोस्त के साथ आसंगी चेक डैम में नहाने गए थे।
इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और डूब गए। मौके पर मौजूद साथी और स्थानीय लोगों के प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घटना के बाद आरआईटी थाना पुलिस और NDRF की टीम ने संयुक्त रूप से व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया था। NDRF की 28 सदस्यीय टीम ने गोताखोरों की मदद से चेक डैम और आसपास के इलाकों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया।
नदी के लगभग 25 किलोमीटर लंबे दायरे में खोजबीन की गई, लेकिन शुरुआती दिनों में सफलता नहीं मिल सकी थी। गुरुवार को अंततः सोनारी दोमुहानी के पास स्वर्णरेखा नदी में छात्र का शव बहता हुआ मिला।
पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दुखद घटना से एनआईटी जमशेदपुर परिसर में शोक की लहर व्याप्त है, वहीं पुलिस मामले की औपचारिक जांच कर रही है।