Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जमशेदपुर के मानगो में बेखौफ अपराधी, महिला को जंगल में घसीटकर सोने की चेन व बाली लूटी

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 10:23 AM (IST)

    जमशेदपुर के मानगो में तीन अपराधियों ने एक महिला को जंगल में घसीटकर सोने की चेन और बाली लूट ली, विरोध करने पर उसे बेरहमी से पीटा गया। ...और पढ़ें

    जमशेदपुर के मानगो में बेखौफ अपराधी

    जमशेदपुर के मानगो में बेखौफ अपराधी

    HighLights

    1. मानगो में महिला को जंगल में घसीटकर लूटा गया।

    2. बदमाशों ने सोने की चेन और बाली छीनकर मारपीट की।

    3. इलाके में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं से दहशत।

    जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। मानगो के ओलीडीह थाना क्षेत्र में अपराधियों के बढ़ते दुस्साहस ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुवार देर रात शंकोसाई में तीन अपराधियों ने एक महिला को सुनसान रास्ते से जंगल की ओर घसीटकर उसकी सोने की चेन और कान की बाली लूट ली। 

    विरोध करने पर बदमाशों ने महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसके नाक और मुंह में चोट का इलाज चल रहा है। 

    अलग-अलग दिशाओं में फरार हुए बदमाश

    मंजू देवी ने बताया कि वह शंकोसाई से दवा खरीदकर तुरियाबेड़ा की ओर पैदल लौट रही थीं। इसी दौरान तीन अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और जबरन जंगल की ओर घसीट ले गए। वहां जमीन पर पटककर गले से सोने की चेन और कान की एक बाली लूट ली। 

    विरोध करने पर बदमाशों ने उनकी पिटाई कर दी और अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए। घटना के बाद महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

    लगातार महिलाओं को निशाना बना रहे अपराधी 

    घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर वारदात हुई, वह पूरी तरह सुनसान है और वहां लंबे समय से स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी है। अंधेरे का फायदा उठाकर अपराधी लगातार महिलाओं को निशाना बना रहे हैं।

    खबरें और भी

    चिंताजनक बात यह है कि इसी इलाके में दो दिन पहले सुबह टहलने निकली एक महिला से करीब ढाई लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन छीन ली गई थी। लगातार दूसरी वारदात के बावजूद अपराधियों का सुराग नहीं लगना पुलिस की गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। लगातार हो रही छिनतई की घटनाओं से मानगो के लोगों, खासकर महिलाओं में भय और असुरक्षा की भावना गहरा गई है।

    यह भी पढ़ें- ट्रेन की बोगी में तहखाना बना कर शराब की तस्करी, हावड़ा-गया एक्सप्रेस से पकड़ाया 40 केन बीयर