Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    झारखंड में हाईटेंशन तार की चपेट में आया भगवान जगन्नाथ का रथ, 2 छात्रों की मौत; 7 गंभीर रूप से झुलसे

    Updated: Tue, 21 Jul 2026 08:54 AM (IST)

    झारखंड के खूंटी में जगन्नाथ रथ 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे दो स्कूली छात्रों की मौत हो गई और सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो ...और पढ़ें

    इसी रथ को खींचने के दौरान हुआ हादसा

    इसी रथ को खींचने के दौरान हुआ हादसा

    HighLights

    1. जगन्नाथ रथ हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आया।

    2. दो स्कूली छात्रों की दर्दनाक मौत, सात घायल।

    3. लंच ब्रेक में रथ सीधा करते समय हुआ हादसा।

    संवाद सूत्र, तोरपा (खूंटी)। तोरपा थाना क्षेत्र के कोटेंगसेरा स्थित मौसीबाड़ी के पास सोमवार को भगवान जगन्नाथ के रथ के 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दो स्कूली छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सात अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। 

    हादसे के बाद घटनास्थल और रेफरल अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों के चीत्कार और विलाप से अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया।

    मृतकों की पहचान तोरपा निवासी 17 वर्षीय चंदन कुमार यादव (पिता- ननका यादव) तथा टाटी तुराटोली निवासी 18 वर्षीय तेजेश्वर महतो (पिता- करमपाल महतो) के रूप में हुई है। 

    घायलों में रूपेश कुमार सिंह (17 वर्ष, ईचा), अरमान आलम (16 वर्ष, मिलन चौक तोरपा), पंकज राम (17 वर्ष, बाँसटोली), गिरिराज यादव (17 वर्ष, कोटेंगसेरा), सुजय लोहरा (17 वर्ष, सैसेरा), निलय एक्का (17 वर्ष, शांतिनगर) सहित अन्य छात्र शामिल हैं।

    लंच ब्रेक में रथ सीधा करने के दौरान हुआ हादसा

    जानकारी के अनुसार तोरपा स्थित श्री हरि प्लस टू विद्यालय में सोमवार को लंच ब्रेक चल रहा था। इसी दौरान कुछ छात्र विद्यालय से निकलकर पास स्थित कोटेंगसेरा मौसीबाड़ी पहुंचे, जहां भगवान जगन्नाथ का रथ खड़ा था। चार दिन बाद होने वाले घूरती रथ (उल्टा रथ) के मद्देनजर रथ की दिशा बदली जा रही थी। 

    बताया जा रहा है कि रथ को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने अथवा सीधा करने के दौरान उसका ऊपरी हिस्सा ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन से छू गया। इसके बाद तेज करंट पूरे रथ में दौड़ गया और उसे खींच रहे छात्र उसकी चपेट में आ गए। करंट लगते ही कई छात्र दूर जा गिरे और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायलों को रथ से अलग कर अस्पताल पहुंचाया।

    खबरें और भी

    इलाज के दौरान दो छात्रों ने तोड़ा दम

    हादसे में गंभीर रूप से झुलसे चंदन कुमार यादव और तेजेश्वर महतो को प्राथमिक उपचार के बाद रेफरल अस्पताल से सदर अस्पताल, खूंटी रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायल छात्रों का इलाज जारी है।

    अस्पताल में मचा कोहराम

    घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और छात्रों के परिजन रेफरल अस्पताल पहुंच गए। अपने बच्चों की हालत देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। अस्पताल परिसर में देर तक चीख-पुकार और गमगीन माहौल बना रहा।

    जांच में जुटी पुलिस

    घटना के बाद तोरपा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगा रही है कि लंच ब्रेक के दौरान छात्र विद्यालय से बाहर कैसे पहुंचे तथा क्या वे स्वयं रथ खींच रहे थे या किसी के कहने पर रथ को हटाने का प्रयास कर रहे थे। इस संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों और विद्यालय प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है।

    विधायक ने जताया शोक

    तोरपा के विधायक सुदीप गुड़िया ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृत छात्रों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को घायल छात्रों के समुचित उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

    विद्यालय प्राचार्य ने जताया दुख

    श्री हरि प्लस टू विद्यालय की प्राचार्य किरण हेरेंज ने बताया कि लंच ब्रेक के दौरान कई छात्र भोजन के लिए घर चले जाते हैं। घटना के समय छात्र वहां कैसे पहुंचे, इसकी जानकारी विद्यालय को नहीं है। इस घटना से पूरा विद्यालय स्तब्ध और दुखी है।

    संवेदनशीलता के साथ होगी जांच : उपायुक्त

    उपायुक्त मोहम्मद जावेद हुसैन ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि पूरे मामले की संवेदनशीलता के साथ जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि जांच समिति में विद्युत कार्यपालक अभियंता, जिला शिक्षा पदाधिकारी तथा संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी को शामिल किया जाएगा। यदि जांच में किसी विभाग की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

    उपायुक्त ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लंच ब्रेक के दौरान छात्र विद्यालय से बाहर निकले थे। इसी समय लोहे के रथ की दिशा बदली जा रही थी और वह 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि घायल सभी छात्रों का उपचार सदर अस्पताल में चल रहा है और उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।

    यह भी पढ़ें- खूंटी में दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश: पति समेत 6 आरोपी गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल गाड़ी और लोहे की रॉड बरामद