कोडरमा में विकास की राह से जुड़ेंगे 33 गांव, 25 किलोमीटर नई सड़कों के निर्माण को मिली मंजूरी
कोडरमा जिले के 33 गांवों को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पक्की सड़कों से जोड़ा जाएगा, जिसमें पहले चरण में 25 किलोमीटर सड़क निर्माण को मंजूरी म ...और पढ़ें
-1784728879588_m.webp)
HighLights
कोडरमा के 33 गांव पक्की सड़क से जुड़ेंगे।
पहले चरण में 25 किलोमीटर सड़क निर्माण स्वीकृत।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कार्य।
संवाद सहयोगी, कोडरमा। जिले के 500 से कम आबादी वाले 33 गांव-टोले अब भी पक्की सड़क से वंचित हैं। इसके कारण इन गांवों का विकास भी प्रभावित हो रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत अब कम आबादी एवं एससी-एसटी बहुल गांवों को भी सड़क नेटवर्क से जोड़ने की पहल तेज हो गई है।
ग्रामीण कार्य विभाग ने जिले के ऐसे 33 गांवों का सर्वे कर 72 किलोमीटर सड़क निर्माण की आवश्यकता चिह्नित की है। इनमें पहले चरण में 25 किलोमीटर सड़क निर्माण को सरकारी स्वीकृति मिल गई है।
इससे वर्षों से सड़क सुविधा से वंचित ग्रामीणों के लिए आवागमन आसान होगा और विकास को नई गति मिलेगी। जिले के अधिकतर सड़कविहीन गांव वन क्षेत्रों में स्थित हैं। वन विभाग की आपत्तियों के कारण भी कई स्थानों पर सड़क निर्माण नहीं हो सका था।
हालांकि केंद्र सरकार के नए दिशा-निर्देशों के बाद कम आबादी वाले गांवों को भी पक्की सड़क से जोड़ने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। स्वीकृत योजनाओं के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उम्मीद है कि अगले कुछ महीनों में इन गांवों तक भी पक्की सड़क पहुंच जाएगी।
इन सड़कों का किया गया सर्वे
ग्रामीण कार्य विभाग ने 72 किलोमीटर लंबी 26 सड़कों का सर्वे किया है, जिनसे 33 गांवों को जोड़ा जाएगा। इनमें मरकच्चो प्रखंड में असनातरी-झावातरी (1.7 किमी), असनातरी-टेपरा (3.5 किमी), बरियारडीह-सिमरकुंडी (5.5 किमी), डोमचांच में करमनडीह-तुरिया टोला खरखार (1.3 किमी), पैसरा-मसमोहना रविदास टोला (2.8 किमी), बगरीडीह हरिजन टोला-असनाबाद (1.8 किमी), परतांगो मिस्त्री टोला-मसमोहना (1.5 किमी), बंगाखलार-ढाब (1.3 किमी), कोडरमा प्रखंड में बेलगढ़ा उपरी टोला-सोंदेडीह (1.2 किमी) शामिल हैं।
खबरें और भी
इसके अलावा, बीरजामू-पूर्वी टोला (2.7 किमी), कोलगरमा हरिजन टोला-यादव टोला (1.10 किमी), जयनगर में घरौंजा-सेवाटांड़ (1.3 किमी), बाघमारा-कटैया, कंघियाडीह-खरगडीह, लतभेदवा-अरमुंगो, नईटांड़-आल्हो, नवादा-चंद्रपुर, सतगावां में भुलाडीह-खाब, पचौरी-दांती, धनुकी-सेलारी, कोठियार-रतनपुर, देवोडीह-छपरी तथा चंदवारा में बेंदी रोड-चौराही, लोहरा-घाटोडाबर और बिरागढ़ा-बड़कीटांड़ सड़कें शामिल हैं।
70 सड़कों की हो रही विशेष मरम्मत
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिले में 11 पैकेजों के अंतर्गत 70 सड़कों की विशेष मरम्मत कराई जा रही है। अधिकांश योजनाओं का कार्य अंतिम चरण में है। गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय स्तर पर लगातार निगरानी की जा रही है। राज्य स्तरीय टीम भी निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता की जांच कर रही है।
पक्की सड़क से वंचित 33 गांवों का सर्वे कराया गया है। इन गांवों को जोड़ने के लिए कुल 72 किलोमीटर सड़क का निर्माण प्रस्तावित है। पहले चरण में 25 किलोमीटर सड़क निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि शेष सड़कों की स्वीकृति अगले चरण में मिलेगी। स्वीकृत योजनाओं की विभागीय प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
सौरभ झा, कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग कोडरमा