कोडरमा में बेटे की हत्या का बदला लेने के लिए पड़ोसी ने पत्थर से की वृद्ध की हत्या, पुलिस ने खोला राज
कोडरमा के तिलैया थाना क्षेत्र में 65 वर्षीय झरी सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने पड़ोसी छोटू सिंह को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें
-1778487838652_m.webp)
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार। (जागरण)
HighLights
कोडरमा में 65 वर्षीय झरी सिंह की हत्या।
पड़ोसी छोटू सिंह ने बदला लेने के लिए मारा।
बेटे की हत्या में शामिल होने का था शक।
संवाद सहयोगी, कोडरमा। तिलैया थाना क्षेत्र के गझंडी स्थित अंबाकोला गांव में 4 मई को हुई 65 वर्षीय झरी सिंह की हत्या मामले में तिलैया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस ने घटना का पर्दाफाश करते हुए मृतक के पड़ोसी छोटू सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस संबंध में मृतक की पत्नी बुधनी देवी के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
झरी सिंह की पत्थर से सिर कुचलकर हत्याकर शव को गांव के समीप झाड़ियों में फेंक दिया गया था। घटना की जानकारी स्वजन को अगले दिन मिली।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कुमार शिवाशीष के निर्देश पर थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी छोटू सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया।
आरोपित ने बताया कि कुछ वर्ष पूर्व उसके पुत्र की हत्या हुई थी और बाद में उसे जानकारी मिली कि उस घटना में झरी सिंह शामिल था। झरी सिंह लगातार उसे धमकी देता था कि वह उसकी भी हत्या कर देगा।
शादी समारोह से लौटते समय वारदात को दिया अंजाम
आरोपित ने पुलिस को बताया कि 2 मई की रात शादी समारोह से लौटने के दौरान झरी सिंह रास्ते में मिला और गाली-गलौज करते हुए धमकी देने लगा। इसी दौरान गुस्से में उसने पत्थर उठाकर झरी सिंह के सिर पर वार कर दिया।
घायल होकर गिरने के बाद उसने कई बार पत्थर से प्रहार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। बाद में शव को रास्ते से हटाकर जंगल की ओर फेंक दिया तथा घटना में प्रयुक्त पत्थर झाड़ियों में छिपा दिया।
पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर एवं खून लगा झाड़ी का डंठल बरामद किया है। छापेमारी दल में एसआई बब्लू कुमार एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
यह भी पढ़ें- रांची में शराब की बोतल पैर से गिराने पर दोस्तों ने कर दी युवक की हत्या, स्कूटी पर लादकर 10 KM दूर फेंका शव