झारखंड: अवैध गर्भपात की सूचना पर क्लीनिक में 3 घंटे छापेमारी, कचरे में मिला था बच्चे का अंग
लातेहार के सौम्या मेडिकल क्लीनिक पर अवैध गर्भपात की सूचना पर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तीन घंटे छापेमारी की। ...और पढ़ें

जांच करती टीम। (जागरण)
HighLights
लातेहार में अवैध गर्भपात की सूचना पर मेडिकल क्लीनिक पर छापा।
ट्रेड लाइसेंस न मिलने पर सौम्या मेडिकल क्लीनिक को सील किया गया।
संचालक हिरासत में, एक्सपायरी दवाएं और आपत्तिजनक सामग्री बरामद।
जागरण संवाददाता, लातेहार। शहर के स्टेशन रोड स्थित चटनाही इलाके में संचालित सौम्या मेडिकल क्लीनिक में युवती का कथित रूप से अवैध गर्भपात कराए जाने की सूचना पर शनिवार को प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने करीब तीन घंटे तक छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। जांच के बाद ट्रेड लाइसेंस नहीं मिलने पर मेडिकल स्टोर को सील कर दिया गया, जबकि संचालक सागर कुमार को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
तीन घंटे तक चली संयुक्त छापेमारी
छापेमारी दल में एसडीएम दिनेश कुमार, एसडीपीओ संदीप गुप्ता, अंचल अधिकारी नंद कुमार राम, प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. विवेक विद्यार्थी, थाना प्रभारी प्रमोद सिन्हा, नगर पंचायत प्रशासक राजीव रंजन समेत नगर पंचायत की टीम शामिल रही।
अधिकारियों ने तीन घंटे तक मेडिकल स्टोर के सभी कमरों, दवाओं और दस्तावेजों की गहन जांच की तथा कई महत्वपूर्ण चिकित्सीय सामग्री जब्त की।
फोरेंसिक जांच के बाद होगी कार्रवाई: एसडीएम
अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि अवैध गर्भपात की सूचना के आधार पर छापेमारी की गई है। मौके से बरामद सामग्री और दस्तावेजों को फोरेंसिक जांच के लिए रांची भेजा जाएगा और जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
खबरें और भी
ट्रेड लाइसेंस नहीं मिलने पर मेडिकल स्टोर सील
नगर पंचायत के प्रशासक राजीव रंजन ने बताया कि जांच के दौरान मेडिकल स्टोर से ट्रेड लाइसेंस की मांग की गई, लेकिन संचालक कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद नियमानुसार दुकान को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। अन्य दस्तावेजों की भी जांच जारी है।
मेडिकल दुकान की आड़ में अवैध गतिविधि की आशंका: सीओ
अंचल अधिकारी नंद कुमार राम ने कहा कि प्रशासन को मेडिकल दुकान की आड़ में अवैध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। इसी आधार पर संयुक्त टीम ने छापेमारी की। पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
एक्सपायरी दवाएं और इंजेक्शन मिले: प्रभारी सिविल सर्जन
प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. विवेक विद्यार्थी ने बताया कि छापेमारी के दौरान कई एक्सपायरी दवाएं बरामद हुई हैं। इसके अलावा कथित गर्भपात स्थल से बेहोशी देने वाले इंजेक्शन सहित अन्य चिकित्सीय सामग्री भी मिली है। सभी बरामद वस्तुओं की स्वास्थ्य विभाग द्वारा जांच कराई जा रही है।
मेडिकल संचालक हिरासत में, पूछताछ जारी
मेडिकल स्टोर के संचालक सागर कुमार को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर रही है। पुलिस पूरे मामले में साक्ष्य जुटाने और संबंधित लोगों से पूछताछ में जुटी हुई है।
कार्रवाई के दौरान मुख्यालय में नहीं मिले वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी
छापेमारी के दौरान प्रशासनिक टीम ने सिविल सर्जन एवं उपाधीक्षक से भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों अधिकारी जिला मुख्यालय से बाहर बताए गए। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद पूरे मामले में विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कचरे में बच्चे का अंग मिलने के बाद हरकत में आया प्रशासन
शहर के स्टेशन रोड स्थित चटनाही इलाके में नगर पंचायत के सफाई कर्मियों को मेडिकल दुकान के कचरे की सफाई के दौरान कथित रूप से बच्चे का अभिन्न अंग मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया।
मामले की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने मेडिकल दुकान में छापेमारी की। जांच के दौरान अधिकारियों ने कई आपत्तिजनक चिकित्सीय सामग्री, दवाएं और आवश्यक दस्तावेज जब्त किए।
बरामद सामग्री को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है तथा आवश्यक नमूनों को फोरेंसिक जांच हेतु भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा संबंधित लोगों से पूछताछ जारी है।