Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मिशन वात्सल्य योजना: लातेहार में 379 जरूरतमंद बच्चों को मिला सरकारी सहारा, हर महीने खाते में आएंगे ₹4000

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 07:00 AM (IST)

    लातेहार में उपायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में मिशन वात्सल्य योजना के तहत 47 नए बच्चों को आर्थिक सहायता देने की स्वीकृति मिली। ...और पढ़ें

    बैठक करते उपायुक्त संदीप कुमार। जागरण

    बैठक करते उपायुक्त संदीप कुमार। जागरण

    HighLights

    1. लातेहार में 47 नए बच्चों को मिली आर्थिक सहायता।

    2. मिशन वात्सल्य योजना से कुल 379 बच्चे लाभान्वित।

    3. प्रत्येक बच्चे को प्रति माह 4000 रुपये मिलेंगे।

    संवाद सूत्र, लातेहार। उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय सभागार में स्पॉन्सरशिप एंड फोस्टर केयर अप्रूवल कमेटी (एसएफसीएसी) की बैठक आयोजित हुई।

    बैठक में बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा करते हुए मिशन वात्सल्य योजना के तहत 47 नए बच्चों को आर्थिक सहायता देने की स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी ने बताया कि मिशन वात्सल्य योजना के तहत एकल अभिभावक के बच्चों, अनाथ, गंभीर बीमारी से पीड़ित तथा अन्य जरूरतमंद बच्चों को प्रति माह चार हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है।

    यह सहायता अधिकतम तीन वर्षों तक अथवा बच्चे के 18 वर्ष की आयु पूरी होने तक प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले के 332 बच्चे इस योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।

    बैठक में प्राप्त नए आवेदनों की जांच एवं पात्रता के आधार पर 47 बच्चों को भी योजना से जोड़ने का निर्णय लिया गया, जिससे अब अधिक जरूरतमंद बच्चों को आर्थिक संबल मिल सकेगा।

    उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि जिला प्रशासन बच्चों के संरक्षण, शिक्षा और समुचित विकास के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजना का लाभ सभी पात्र बच्चों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सुनिश्चित करें।

    साथ ही ऐसे जरूरतमंद बच्चों की पहचान कर उन्हें भी योजना से जोड़ने की प्रक्रिया तेज करने पर बल दिया। बैठक में बाल संरक्षण से जुड़े अन्य विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई तथा बच्चों के हित में आवश्यक निर्णय लिए गए।

    यह भी पढ़ें- रामगढ़ में साख समिति कर्मियों को 16 महीने से नहीं मिला वेतन, घर चलाना हुआ मुश्किल

    यह भी पढ़ें- झारखंड का 'मिनी लंदन' बनेगा टूरिस्ट हब: विक्टोरियन शैली में विकसित होंगे 50 होमस्टे, सरकार देगी ब्याज मुक्त लोन

    खबरें और भी