लोहरदगा के वार्ड 21 में जलजमाव से त्रस्त लोग, बारिश में डूब रहा पूरा क्षेत्र
लोहरदगा के वार्ड संख्या-21 में मिशन चौक से बक्सी डीपा तक नाली न होने से बरसात में गंभीर जलजमाव होता है। वार्ड पार्षद मंजू उरांव ने उपायुक्त से शीघ्र न ...और पढ़ें

मिशन चौक से बक्सी डीपा तक शीघ्र नाली निर्माण कराने की मांग।
HighLights
वार्ड 21 में मिशन चौक से बक्सी डीपा तक नाली नहीं।
राष्ट्रीय राजमार्ग बनने के बाद भी बरसात में गंभीर जलजमाव।
जागरण संवाददाता, लोहरदगा। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-21 में मिशन चौक से बक्सी डीपा तक नाली निर्माण नहीं होने से बरसात के दिनों में जल जमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है। इसे लेकर स्थानीय वार्ड पार्षद मंजू उरांव ने उपायुक्त को आवेदन सौंपकर शीघ्र नाली निर्माण कराने की मांग की है।
उपायुक्त को दिए आवेदन में वार्ड पार्षद ने स्पष्ट किया है कि मिशन चौक से बक्सी डीपा तक राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) का निर्माण तो हो चुका है, लेकिन सड़क के किनारे नाली नहीं बनने से बारिश का पानी सड़क और आसपास के मोहल्लों में जमा हो जाता है। इसका असर छत्तर बगीचा, बाजार टोली, बनवासी कल्याण केंद्र और आसपास के इलाकों के लोगों पर पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि मनोकामना मंदिर के सामने हर वर्ष बारिश के दौरान पानी भर जाने से लोगों का आवागमन बाधित हो जाता है। लगातार जल जमाव के कारण सड़क को भी नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने उपायुक्त से बारिश के मौसम को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का आग्रह किया, ताकि क्षेत्रवासियों को जलजमाव, गंदगी और आवागमन की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी मांग
मंजू उरांव ने कहा कि क्षेत्रवासी लंबे समय से नाली निर्माण की मांग कर रहे हैं और इस संबंध में कई बार आवेदन भी दिया जा चुका है। चूंकि यह मार्ग राष्ट्रीय राजमार्ग के अधीन है, इसलिए जिला प्रशासन संबंधित विभाग से समन्वय स्थापित कर जल्द नाली निर्माण की दिशा में पहल करे।