Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Pakur DC मेघा भारद्वाज के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप ID से ठगी का प्रयास, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 04:34 PM (IST)

    साइबर अपराधियों ने पाकुड़ की उपायुक्त मेघा भारद्वाज के नाम और तस्वीर का दुरुपयोग कर फर्जी व्हाट्सएप आईडी बनाई है और अधिकारियों से ठगी का प्रयास किया ह ...और पढ़ें

    Pakur DC मेघा भारद्वाज के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप ID से ठगी का प्रयास

    Pakur DC मेघा भारद्वाज के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप ID से ठगी का प्रयास

    HighLights

    1. पाकुड़ उपायुक्त मेघा भारद्वाज के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप आईडी।

    2. साइबर अपराधियों ने रुपये और उपहार की मांग की।

    3. जिला प्रशासन ने नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की।

    जागरण संवाददाता, पाकुड़। साइबर अपराधियों ने पाकुड़ की उपायुक्त मेघा भारद्वाज के नाम और तस्वीर का दुरुपयोग कर फर्जी व्हाट्सएप आईडी बनाकर ठगी का प्रयास किया है। फर्जी व्हाट्सएप नंबर 66 616482051 से जिले के अधिकारियों एवं अन्य लोगों को संदेश भेजकर रुपये और उपहार की मांग किए जाने का मामला सामने आया है।

    उपायुक्त कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि उक्त व्हाट्सएप नंबर का उपायुक्त अथवा जिला प्रशासन से कोई संबंध नहीं है। यह साइबर अपराधियों द्वारा लोगों को ठगने का प्रयास है। मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक को दे दी गई है और पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई के साथ मामले की जांच कर रही है।

    उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के सभी अधिकारियों, कर्मियों, जनप्रतिनिधियों, शुभचिंतकों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि यदि उक्त नंबर या किसी अन्य संदिग्ध नंबर अथवा सोशल मीडिया अकाउंट से उनके नाम पर कोई संदेश, काल या धनराशि एवं उपहार की मांग की जाती है तो उस पर बिल्कुल विश्वास न करें। साथ ही किसी भी प्रकार की वित्तीय अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें।

    उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम थाना अथवा साइबर पुलिस को दें, ताकि साइबर अपराधियों के विरुद्ध समय पर कार्रवाई की जा सके।

    जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी अनधिकृत संदेश पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करने की अपील की है। इसके पहले भी पूर्व के उपायुक्त के नाम इस तरह के फर्जी आईडी बनाने का मामला सामने आया था, परंतु किसी मामले में पुलिस के हाथ अपराधियों तक पहुंचने की जानकारी नहीं है।

    यह भी पढ़ें- West Singhbhum: उपायुक्त मनीष कुमार के नाम से फर्जी फेसबुक प्रोफाइल, जिला प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

    खबरें और भी