पलामू में मानव तस्करी पर कार्रवाई: पुलिस ने 27 नाबालिगों का किया रेस्क्यू, धान रोपाई के लिए ले जा रहे थे बिहार
पलामू पुलिस ने मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पड़वा और नावाबाजार थाना क्षेत्रों से 27 नाबालिगों को बचाया। ...और पढ़ें
-1783734766609_m.webp)
HighLights
पलामू पुलिस ने मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
पड़वा और नावाबाजार से कुल 27 नाबालिग बचाए गए।
नाबालिगों को बिहार में धान रोपाई के लिए ले जा रहे थे।
संवाद सूत्र, पड़वा/नावाबाजार (पलामू)। पलामू जिले के पड़वा और नावाबाजार थाना क्षेत्र में पुलिस ने मानव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 नाबालिगों को रेस्क्यू किया है। इनमें बड़ी संख्या में नाबालिग लड़कियां शामिल हैं। सभी नाबालिग लातेहार जिले के मनिका थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर शुक्रवार देर शाम कार्रवाई करते हुए पड़वा थाना क्षेत्र में एक वाहन से 14 तथा नावाबाजार थाना क्षेत्र में दूसरे वाहन से 13 नाबालिगों को बरामद किया।
कार्रवाई के दौरान बिहार के कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और नाबालिगों के परिजनों को भी सूचना दी जा रही है।
पड़वा थाना प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र से 14 नाबालिगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। वहीं नावाबाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव ने बताया कि उनके थाना क्षेत्र से 13 नाबालिगों को बरामद किया गया। रेस्क्यू के बाद नाबालिग लड़कियों को सखी वन स्टॉप सेंटर तथा लड़कों को बाल गृह भेजा जा रहा है।
बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के सदस्य रविशंकर ने बताया कि सभी नाबालिगों के रेस्क्यू की सूचना मिलने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि सभी नाबालिगों को बिहार के सासाराम क्षेत्र में धान रोपाई के कार्य के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस मानव तस्करी के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा दोषियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।