रामगढ़ में कोयला चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, पुलिस और CCL सुरक्षाकर्मियों की छापामारी में 30 टन जब्त
रजरप्पा थाना पुलिस और सीसीएल सुरक्षाकर्मियों ने संयुक्त अभियान चलाकर चितरपुर प्रखंड के चिलमटूंगरी गांव से 25-30 टन अवैध कोयला जब्त किया। ...और पढ़ें
-1779355533957_m.webp)
रजरप्पा थाना पुलिस व सीसीएल सुरक्षाकर्मियों की संयुक्त कार्रवाई में 30 टन अवैध कोयला जब्त

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, रजरप्पा (रामगढ़)। सीसीएल रजरप्पा क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही कोयला चोरी और अवैध कारोबार के खिलाफ अब सुरक्षा कर्मियों ने नई रणनीति अपनानी शुरू कर दी है।
लगातार प्रकाशित हो रही खबरों के बाद इसका असर अब जमीन पर भी दिखने लगा है। कोयला चोरी के नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए सीसीएल रजरप्पा ने स्थानीय थाना पुलिस की मदद से बड़े पैमाने पर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
बुधवार को कोयला चोरी एवं अवैध भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रजरप्पा थाना पुलिस व सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र के सुरक्षा कर्मियों द्वारा की गई संयुक्त छापामारी के दौरान चितरपुर प्रखंड कार्यालय के समीप स्थित चिलमटूंगरी गाँव के आगे भारी मात्रा में अवैध कोयला जब्त किया गया है।
छापामारी अभियान का नेतृत्व रजरप्पा थाना के अवर निरीक्षक रोहित राज व सीसीएल रजरप्पा के क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी आशीष झा ने किया। गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम द्वारा चिन्हित स्थल पर अभियान चलाया गया, जहां भारी मात्रा में अवैध रूप से जमा कोयला पाया गया।
जांच एवं कार्रवाई के दौरान करीब 25-30 टन अवैध कोयला बरामद किया गया। इसके उपरांत सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र द्वारा जेसीबी एवं टिपर की सहायता से जब्त कोयले को उठवाकर पुनः रजरप्पा परियोजना के कोयला स्टाक में सुरक्षित रखवाने का कार्य किया गया।
खबरें और भी
वहीं संयुक्त टीम द्वारा आसपास के क्षेत्र का भी निरीक्षण किया गया, किंतु मौके पर किसी प्रकार की अवैध खदान अथवा मुहाना नहीं पाया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका व्यक्त की जा रही है कि सीसीएल परियोजना क्षेत्रों से कोयला चोरी कर इस स्थान पर एकत्रित किया जा रहा था तथा बाद में इसे अन्य स्थानों पर अवैध रूप से भेजने की योजना थी।
इस बाबत क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी आशीष झा ने बताया कि कोयला चोरी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में स्थानीय ग्रामीणों का उल्लेखनीय सहयोग प्राप्त हो रहा है। ग्रामीण स्वयं आगे आकर सीसीएल संपत्ति की सुरक्षा हेतु गुप्त सूचनाएँ साझा कर रहे हैं, जिसके कारण ऐसे अवैध भंडारण स्थलों का पता लगाने में सफलता मिल रही है।
उन्होंने आगे कहा कि आने वाले दिनों में सीसीएल द्वारा कोयला व डीज़ल चोरी रोकने एवं जनजागरूकता बढ़ाने हेतु व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। इस संयुक्त अभियान में रजरप्पा थाना की ओर से अवर निरीक्षक रोहित राज सिंह अपने दल-बल के साथ उपस्थित थे।
वहीं सीसीएल की ओर से सुरक्षा प्रभारी एस. एस. रवानी, वरिष्ठ सुरक्षा निरीक्षक रामचंद्र मांझी, सुरक्षागार्ड चंदन करमाली, दशरथ उरांव तथा गृह रक्षक चमकी कुमार शामिल थे।
यह भी पढ़ें- दुमका में परिवहन विभाग का बड़ा एक्शन: बिना रजिस्ट्रेशन बिक रहे थे वाहन, शोरूम पर कार्रवाई