Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रामगढ़ में जमीन विवाद: गिरिडीह के असिस्टेंट रजिस्ट्रार की पीट-पीटकर हत्या, 4 महिला सहित 7 गिरफ्तार

    Updated: Wed, 01 Jul 2026 01:26 PM (GMT+05:30)

    रामगढ़ में जमीन विवाद को लेकर गिरिडीह के अवर निबंधक बालेश्वर पटेल की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में चार महिलाओं सहित सात लोगों को गिर ...और पढ़ें

    अस्पताल में रोती बिलखती मृतक की पत्नी व स्वजन

    अस्पताल में रोती बिलखती मृतक की पत्नी व स्वजन

    HighLights

    1. जमीन विवाद में अवर निबंधक बालेश्वर पटेल की हत्या।

    2. लाठी-डंडों और ईंटों से पीट-पीटकर की गई हत्या।

    3. पुलिस ने चार महिलाओं सहित सात लोगों को किया गिरफ्तार।

    संवाद सूत्र, गिद्दी (रामगढ़)। मांडू थाना क्षेत्र के हुआग पंचायत स्थित अमडेलवा हनुमानटांड़ में मंगलवार की सुबह करीब 8 बजे जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रबोध पंचायत के पेसराकांडी निवासी सह गिरिडीह जिले में रजिस्ट्रार (अवर निबंधक) के पद पर कार्यरत बालेश्वर पटेल की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर व ईंट से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई।

    Baleshwar Patel

    (बालेश्वर पटेल का फाइल फोटो)

    घटना का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार महिला सहित सात लोगों को गिरफ़्तार कर लिया है। इधर घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से मारपीट में अचेत अवस्था में गंभीर रूप से घायल बालेश्वर पटेल को रांची रोड स्थित दी होप अस्पताल लेकर पहुंचीं, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

    Viral Video Ka Photo

    (वायरल वीडियो की फोटो)

    घटना की सूचना पाकर मांडू विधायक तिवारी महतो, जिप सदस्य सर्वेश सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में कई मुखिया व गांव के लोग अस्पताल पहुंचे। बताया गया कि बालेश्वर पटेल ने अपने गांव में ही गत मई माह में गांव के ही महेश प्रसाद से 11 डिसमिल जमीन खरीदी थी। यह जमीन उन्होंने महेश प्रसाद से रजिस्ट्री कराई थी।

    उक्त जमीन पर वह अपना घर बनाने के लिए बोरिंग कराई थी। मंगलवार की सुबह जब वे बोरिंग पर लगे समरसेबल पंप देखने पहुंचे तो इसी दौरान रबोध गांव के कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया, और मारपीट करने आए लगभग एक दर्जन महिला और पुरुष सभी ने मिलकर उन पर जानलेवा हमला किया। इस जमीन पर लेकर पड़ोसी रामू साव से विवाद चल रहा था। खरीदी गई जमीन पर चारदीवारी निर्माण के लिए पहले से ईंट गिराई गई थी।

    खबरें और भी

    Ramgarh Murder

    (घटनास्थल पर पड़ा हत्या में उपयोग किया गया ईंट)

    घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के बाद धक्का-मुक्की के दाैरान जमीन पर गिर जाने के बाद आरोपित उनपर हमला करते रहे और लाठी से पीट-पीटकर व ईंट से प्रहार कर मौत के घाट उतार दिया। मामले को लेकर रीता कुमारी ने आठ लोगों के विरुद्ध मांडू थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजनों को सौंप दिया।

    वहीं घटना की सूचना मिलते ही मांडू विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, जिला परिषद सदस्य सर्वेश कुमार सिंह, रबोध मुखिया उमेश करमाली, कुमेश्वर महतो, लखनलाल महतो, सतीश सिंह, सर्वेश सिंह, राजकुमार महतो, लोकनाथ महतो, सुनील सिंह, संजीव सिंह, मंगलदेव महतो, लोकनाथ महतो, श्रीकांत समेत काफी संख्या में ग्रामीण होप अस्पताल पहुंचे तथा शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। वहीं घटना के बाद घटना स्थल पर लोगों की भीड़ लगी हुई है।

    यह भी पढ़ें- दूल्हा 38 का, दुल्हन 20 की... शादी के चंद दिनों पहले गुमला में युवती लापता; धरी रह गईं तैयारियां

    यह भी पढ़ें- बैंक एजेंटों की बर्बरता से झरिया के दुकानदार की मौत, पुलिस की भूमिका से व्यापारियों में भारी रोष

    घटना काफी दुखद है। एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस ने घटना में शामिल सात लोगों को गिरफ़्तार किया है। अन्य की गिरफ़्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अनुसंधान जारी है।

    -

    मुकेश कुमार लुणायत, एसपी रामगढ।