Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से जुलाई में घटे 43 हजार हवाई यात्री, उड़ानों की संख्या में भी आई भारी कमी

    By Amit SinghEdited By: Nishant Bharti
    Updated: Tue, 04 Aug 2026 09:11 AM (IST)

    रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर जुलाई में हवाई यात्रियों की संख्या में 18.9% की बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जून की तुलना में 42,883 कम यात्रियों ने सफर क ...और पढ़ें

    बिरसा मुंडा एयरपोर्ट

    बिरसा मुंडा एयरपोर्ट

    HighLights

    1. जुलाई में रांची एयरपोर्ट पर 42,883 यात्री कम हुए।

    2. हवाई यात्रियों की संख्या में 18.9% की गिरावट दर्ज।

    3. मानसून और उड़ानों में कटौती मुख्य कारण रही।

    जागरण संवाददाता, रांची। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची पर जुलाई महीने में हवाई यात्रियों की संख्या में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। एयरपोर्ट के परिचालन आंकड़ों के अनुसार, जून की तुलना में जुलाई में 42,883 कम यात्रियों ने हवाई सफर किया। यह गिरावट करीब 18.9 प्रतिशत है। यात्रियों की संख्या कम होने के साथ ही विमान संचालन में भी उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई, जिससे साफ है कि मानसून और उड़ानों में कटौती का असर एयर ट्रैफिक पर पड़ा है।

    आंकड़ों के मुताबिक, जून (1 से 29 जून) में रांची एयरपोर्ट से 2,27,351 यात्रियों ने यात्रा की थी, जबकि जुलाई (1 से 31 जुलाई) में यह संख्या घटकर 1,84,468 रह गई। यानी एक महीने में करीब 43 हजार यात्रियों की कमी दर्ज हुई।

    यात्रियों के साथ-साथ उड़ानों की संख्या भी घटी। जून में एयरपोर्ट पर 1,508 निर्धारित उड़ानें थीं और 1,502 विमानों का वास्तविक संचालन हुआ था। वहीं जुलाई में 1,318 निर्धारित उड़ानें रहीं, जबकि 1,248 विमानों का ही संचालन हो सका। यानी एक महीने में 254 कम विमानों का आवागमन हुआ।

    जुलाई में प्रतिदिन 5,951यात्री

    इसका असर प्रतिदिन के यात्री औसत पर भी दिखाई दिया। जून में प्रतिदिन औसतन 7,877 यात्री एयरपोर्ट से सफर कर रहे थे, जबकि जुलाई में यह आंकड़ा घटकर 5,951 रह गया। यानी हर दिन औसतन 1,926 कम यात्रियों ने रांची एयरपोर्ट का उपयोग किया।

    खबरें और भी

    जुलाई में 88,700 यात्री रांची पहुंचे, जबकि 95,768 यात्रियों ने रांची से विभिन्न शहरों के लिए उड़ान भरी। प्रस्थान करने वाले यात्रियों की संख्या आगमन से अधिक रही, लेकिन दोनों श्रेणियों में जून के मुकाबले गिरावट दर्ज की गई।

    मानसून के दौरान होती है कमी

    विमानन क्षेत्र से जुड़े जानकारों के अनुसार, मानसून के दौरान यात्रा की मांग में कमी, मौसम संबंधी व्यवधान, कई उड़ानों का प्रभावित होना और कुछ प्रमुख रूटों पर एयरलाइंस द्वारा सेवाएं कम करना इस गिरावट के प्रमुख कारण हैं। हाल के दिनों में रांची से कुछ उड़ानों की आवृत्ति घटाई गई है, जिसका असर भी आंकड़ों में साफ दिखाई देता है।

    हालांकि आने वाले महीनों में तस्वीर बदल सकती है। एयरलाइंस कंपनियां त्योहारी और धार्मिक यात्रा सीजन को देखते हुए दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद जैसे प्रमुख रूटों पर अतिरिक्त उड़ानों की तैयारी कर रही हैं। रक्षाबंधन, जन्माष्टमी, स्वतंत्रता दिवस की छुट्टियों और सितंबर में बढ़ने वाली यात्रा मांग के चलते अगस्त से यात्री संख्या में फिर तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

    जून बनाम जुलाई: एक नजर

    विवरण जून (1-29 जून) जुलाई (1-31 जुलाई)
    कुल निर्धारित उड़ानें 1,508 1,318
    वास्तविक विमान संचालन 1,502 1,248
    कुल यात्री 2,27,351 1,84,468
    आगमन यात्री 1,12,408 88,700
    प्रस्थान यात्री 1,14,943 95,768
    प्रतिदिन औसत यात्री 7,877 5,951

    यह भी पढ़ें- रांची एयरपोर्ट पर इंडिगो और एयर इंडिया के विमानों में आई तकनीकी खराबी, घंटों फंसे रहे यात्री