झारखंड में करोड़ों का वेतन घोटाला: बोकारो-हजारीबाग के 850 बैंक खाते जांच के घेरे में, SIT तेजी से कर रही फ्रीज
सीआईडी की एसआईटी अवैध वेतन निकासी मामले में बोकारो और हजारीबाग से जुड़े 850 बैंक खातों की जांच कर रही है, जिनमें से कई फ्रीज किए जा चुके हैं। इस मामले ...और पढ़ें

अवैध वेतन निकासी मामला: बोकारो-हजारीबाग के 850 बैंक खाते जांच के घेरे में।
HighLights
बोकारो-हजारीबाग में 850 बैंक खाते जांच के दायरे में।
अवैध निकासी में 42 करोड़ रुपये का खुलासा हुआ।
सिपाही कौशल पांडेय से रिमांड पर होगी पूछताछ।
राज्य ब्यूरो, रांची। जिलों के कोषागार से अवैध वेतन निकासी मामले की जांच कर रही सीआइडी की विशेष जांच टीम (एसआइटी) ने अबतक बोकारो व हजारीबाग केस में 850 बैंक खातों की जानकारी जुटाई है, जिनकी जांच चल रही है।
इनमें बोकारो के केस में 600 व हजारीबाग के केस में 250 बैंक खाते शामिल हैं। ये सभी बैंक खाते जांच के घेरे में हैं। जांच में जैसे-जैसे सरकारी खातों से अवैध निकासी का मामला उजागर होता जा रहा है, एसआइटी उन्हें फ्रीज कराती जा रही है।
अब तक बड़ी संख्या में बैंक खाते फ्रीज कराए जा चुके हैं। एसआइटी खाता धारकों को भी नोटिस भेजना शुरू कर दी है। उनसे जानकारी जुटाई जा रही है कि उनके खाते में जो संदिग्ध लेन-देन दिख रहे हैं, वे किस माध्यम से हुए हैं। जिनका संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा, उनके खातों को एसआइटी फ्रीज करा रही है।
अब तक की जांच में अवैध वेतन निकासी मामले में हजारीबाग में करीब 31 करोड़ व बोकारो में 11 करोड़ रुपये की अवैध निकासी का मामला उजागर हो चुका है। एसआइटी अब पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपितों को रिमांड पर लेकर पूछताछ करने जा रही है।
खबरें और भी
इसी क्रम में मंगलवार को बोकारो एसपी कार्यालय के लेखा शाखा में पदस्थापित सिपाही कौशल पांडेय से रिमांड पर पूछताछ होनी है। एसआइटी कौशल पांडेय के सहयोगियों, संरक्षण देने वाले अधिकारियों के बारे में भी जानकारी जुटाएगी, ताकि जांच के दायरे को बढ़ाया जा सके।