Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बिना खर्च देखें फुटबाल का महामुकाबला, रांची में 22 जुलाई से मिलेगी 'डूरंड कप' की फ्री टिकट

    Updated: Tue, 21 Jul 2026 07:00 AM (IST)

    रांची में डूरंड कप 2026 के लिए 22 जुलाई से मोरहाबादी स्टेडियम में मुफ्त टिकट मिलेंगे, जिसके लिए वैध पहचान पत्र अनिवार्य होगा। जिला प्रशासन ने आयोजन की ...और पढ़ें

    सांकेतिक तस्वीर

    सांकेतिक तस्वीर

    HighLights

    1. 22 जुलाई से मोरहाबादी स्टेडियम में मुफ्त टिकट वितरण।

    2. टिकट प्राप्त करने के लिए वैध पहचान पत्र अनिवार्य होगा।

    3. सुरक्षा और व्यवस्था के लिए जिला प्रशासन की व्यापक तैयारी।

    जागरण संवाददाता, रांची। डूरंड कप 2026 के लिए 22 जुलाई से मोरहाबादी स्टेडियम परिसर में 12 टिकट काउंटरों के माध्यम से निःशुल्क टिकटों का वितरण शुरू होगा। टिकट प्रतिदिन सुबह 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक दिए जाएंगे।

    टिकट प्राप्त करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपना वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने टिकट वितरण के दौरान प्रत्येक काउंटर पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संचालित हो सके।

    इसके साथ ही जिला प्रशासन ने आयोजन स्थल पर यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, खिलाड़ियों की सुरक्षा, मेडिकल सुविधा, एम्बुलेंस, चिकित्सक, फायर ब्रिगेड, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, भीड़ प्रबंधन, प्रवेश-निकास व्यवस्था तथा नियंत्रण कक्ष की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

    विशेष रूप से 26 जुलाई को होने वाले मुख्य कार्यक्रम को देखते हुए सभी विभागों को अपने दायित्व समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा गया है।

    इन निर्देशों के साथ ही डूरंड कप 2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

    तैयारियों को दुरस्त करने के निर्देश 

    मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि डूरंड कप देश का प्रतिष्ठित फुटबॉल टूर्नामेंट है। इसके सफल आयोजन के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर लें, ताकि खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

    खबरें और भी

    बैठक में टिकटों के रंग तथा दर्शकों के बैठने की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई। वहीं मैच के दिनों में पूर्व से चिन्हित पार्किंग स्थलों पर समुचित व्यवस्था, वाहनों के सुचारू संचालन, आवश्यक संकेतक लगाने तथा प्रभावी यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

    दर्शकों और खिलाड़ियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आयोजन स्थल पर एम्बुलेंस, मेडिकल टीम, चिकित्सकों, आवश्यक दवाओं तथा अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया।

    खिलाड़ियों एवं टीम अधिकारियों की आवाजाही को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। संबंधित अधिकारियों को पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ सभी टीमों को निर्धारित स्थानों तक समय पर पहुंचाने तथा उनके आवागमन के दौरान सुरक्षा प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

    बैठक में उप विकास आयुक्त संजय भगत, पुलिस अधीक्षक (नगर) पारस राणा, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, सहायक समाहर्ता आस्था शरण, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय, उप निदेशक खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, जिला नजारत उपसमाहर्ता, जिला खेल पदाधिकारी, मेजर आनंद प्रकाश, सिविल सर्जन कार्यालय के प्रतिनिधि तथा आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

    यह भी पढ़ें- झारखंड पुलिस में फेरबदल: पुलिस मुख्यालय ने किया 41 इंस्पेक्टरों का तबादला, देखें पूरी लिस्ट

    यह भी पढ़ें- कोलकाता-कानपुर स्पेशल ट्रेन की टिकट बुकिंग शुरू, पटना-चर्लपल्ली समेत कई स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़े