रांची से गिरिडीह तक भाजपा का हल्ला बोल: JPSC-JSSC भ्रष्टाचार पर राज्यव्यापी प्रदर्शन, CBI जांच की मांग
भाजपा युवा मोर्चा ने जेपीएससी-जेएसएससी समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में भ्रष्टाचार के खिलाफ राज्यव्यापी प्रदर्शन किया और सीबीआई जांच की मांग की। ...और पढ़ें

प्रदर्शन करते भाजपा नेता
HighLights
भाजपा युवा मोर्चा ने प्रतियोगी परीक्षाओं में भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदर्शन किया।
राज्यव्यापी प्रदर्शन में सीबीआई जांच की मांग उठाई गई।
बड़े नेताओं ने युवाओं के मुद्दे पर सरकार को घेरा।
राज्य ब्यूरो, रांची। भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा ने जेपीएससी-जेएसएससी समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में हुए भ्रष्टाचार के विरोध में शनिवार को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया और इसकी सीबीआइ से जांच की मांग की।
इस राज्यव्यापी प्रदर्शन में प्रदेश स्तर के बड़े नेता भी सम्मिलित हुए। रांची में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू ने स्वयं प्रदर्शन में सम्मिलित होकर मोर्चा संभाला।
इसी तरह, गिरिडीह में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी तथा जमशेदपुर में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने प्रदर्शन में भाग लेकर युवाओं के मुद्दे पर सरकार को घेरने का प्रयास किया। जेपीएससी के मुद्दे पर राहुल गांधी तथा मल्लिकार्जुन खड़गे की चुप्पी पर भी सवाल उठाया।
रांची में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने पेपर लीक मामले में युवाओं, छात्रों के आंदोलन पर विपक्षी नेताओं की चुप्पी पर सवाल उठाया। रांची समेत सभी जिलों में युवाओं के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि युवा न्याय मांग रहा है और विपक्षी पार्टियां कुंभकर्णी निद्रा में सोई हुई है।
राज्य सरकार और प्रशासन इतना संवेदनहीन हो गया कि प्रदर्शन स्थल पर धूप और बारिश से बचने के लिए तिरपाल तक लगाने की अनुमति नहीं दी गई।
उन्होंने कहा कि इस मामले पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित पूरा विपक्ष मौन है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया कि गिरिडीह समेत दूसरे जगहों पर आंदोलन कर रहे छात्रों को प्रशासन ने पेयजल तक उपलब्ध नहीं कराया।
जांच के नाम पर हो रही खानापूर्ति
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि साल्वर सिंडिकेट का मास्टर माइंड प्रशासनिक सेवा का अधिकारी बन बैठा है, यह शर्मनाक बात है। हर भर्ती प्रक्रिया के बाद नए विवाद, पेपर लीक के आरोप लगते हैं।
खबरें और भी
राज्य की जांच एजेंसियों की कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति होती है। राज्य का युवा अपने भविष्य की लड़ाई के सड़कों पर उतरने को मजबूर है। अभ्यर्थियों के शांतिपूर्ण आंदोलन को कुचलने के लिए सरकार जितनी ताकत लगाएगी, छात्र आंदोलन उतना मजबूत होगा।
अभी जारी रहेगा भाजपा का आंदोलन
पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने जेपीएससी समेत प्रतियोगी परीक्षाओं में हुए घोटाले को शर्मनाक बताते हुए कहा कि राज्य सरकार को इसपर गंभीरता से विचार करना चाहिए। युवाओं के सपने को किसी भ्रष्टाचारी गैंग के हवाले नहीं किया जा सकता।
उन्होंंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस मामले को अंजाम तक पहुंचाएगी और दोषियों को कड़ी कार्रवाई का सामना करना होगा। प्रदेश भाजपा युवाओं के आंदोलन को जारी रखेगी।
यह भी पढ़ें- जमशेदपुर में आक्रोश रैली: JPSC घोटाले को लेकर सड़क पर उतरी भाजपा, CBI जांच और सीएम के इस्तीफे की मांग