Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    महंगाई के खिलाफ झारखंड कांग्रेस का हल्लाबोल, बीजेपी ने बताया 'घिनौनी हरकत'

    Updated: Sun, 17 May 2026 12:34 AM (IST)

    झारखंड कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री मोदी का पुतला फूंका। भाजपा ने इसे 'घिनौनी हरकत' और 'राजनीतिक नौटंकी' बताते हुए कांग्र ...और पढ़ें

    प्रदर्शन करते झारखंड कांग्रेस के नेता। फोटो जागरण

    प्रदर्शन करते झारखंड कांग्रेस के नेता। फोटो जागरण

    HighLights

    1. कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ प्रधानमंत्री का पुतला फूंका।

    2. भाजपा ने इसे 'घिनौनी हरकत' और 'राजनीतिक नौटंकी' कहा।

    3. भाजपा ने राज्य सरकार से वैट घटाने की मांग की।

    राज्य ब्यूरो, रांची। वैश्विक संकट की वजह से भारत में बढ़ी महंगाई को लेकर कांग्रेस हमलावर है। वहीं भाजपा ने इसे घिनौनी हरकत बताते हुए कड़ा हमला बोला है।

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कांग्रेस द्वारा महंगाई के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पुतला दहन को घिनौनी हरकत बताया है। उन्होंने कहा है कि इतनी दुर्दशा के बाद भी कांग्रेस घिनौनी राजनीति से बाज नहीं आ रही है और लोगों को गुमराह करने के नाकाम प्रयास में जुटी है।

    इस प्रकार की उटपटांग हरकतों को देख कांग्रेस की बुद्धि पर तरस आ रही है। जनता द्वारा इतने तिरस्कार के बावजूद अभी भी कांग्रेस को ज्ञान नहीं मिला है।

    साहू ने कहा कि यह राजनीतिक नौटंकी की पराकाष्ठा है। वैश्विक संकट से पूरा विश्व जूझ रहा है। भारत में न पेट्रोल का कुंआ है और न डीजल का। प्रधानमंत्री ने तो महंगाई पर काफी नियंत्रण किया हुआ है।

    उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा पूर्व में पेट्रोल डीजल पर कई बार उत्पाद शुल्क कम किया गया। कांग्रेस वास्तव में जनता की बहुत हितकर है, तो झारखंड सरकार 22 प्रतिशत जो वैट ले रही है और एक रुपए का सेस लिया जा रहा है, उसे क्यों नहीं कम किया जाता है। राज्य में कांग्रेस सत्ता में है, उसे वैट कम करने से किसने रोका है?

    केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में सड़क पर उतरी पार्टी, खूब लगे नारे

    झारखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में शनिवार को प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया, केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई और प्रधानमंत्री के पुतला दहन के साथ कार्यक्रम समाप्त हुआ।

    इस दौरान केशव महतो कमलेश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनता को महंगाई से राहत पहुंचाने की बजाय देश की जनता से त्याग की अपील कर रहे हैं।

    चुनाव में व्यस्त थे प्रधानमंत्री: कांग्रेस

    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि देश में सीएनजी, पेट्रोल, डीजल, दूध-दही की कीमतों में बढ़ोतरी से आम लोग त्रस्त हो चुके हैं। आरोप लगाते हुए कहा कि जब देश में संकट की शुरुआत हुई थी, तब पूरी केंद्र सरकार पांच राज्यों के चुनाव प्रचार में व्यस्त थी और आज जब जनता को राहत की जरूरत है, तब प्रधानमंत्री मोदी विदेश दौरे पर हैं।

    खबरें और भी

    उन्होंने कहा कि वर्षों से लाभ कमा रही तेल कंपनियों के थोड़े नुकसान से केंद्र को परेशानी हो रही है, लेकिन 140 करोड़ जनता की परेशानी दिखाई नहीं दे रही है। प्यास लगने पर कुआं खोदने की नीति पर केंद्र सरकार काम कर रही है।

    दिखावा कर रही है सरकार: कांग्रेस 

    उन्होंने कहा कि जब जनता को राहत भरी घोषणाओं की आवश्यकता है, तब प्रधानमंत्री जनता को सोना नहीं खरीदने, विदेश नहीं जाने, किसानों से यूरिया की खपत कम करने की सलाह दे रहे हैं। मोदी सरकार के मंत्री और उनके पदचिन्हों पर चलने वाले नेता साइकिल, बस, मेट्रो, इ-रिक्शा से चलने का दिखावा कर रहे हैं।

    कार्यक्रम में प्रमुख रूप से कांग्रेस विधायक दल के उप नेता राजेश कच्छप, विधायक नमन विक्सल काेंगाड़ी और सुरेश बैठा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, शहजादा अनवर, रविंद्र सिंह, संजय लाल पासवान, राकेश सिन्हा, जयप्रकाश गुप्ता, आलोक कुमार दुबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव, सोनाल शांति, अभिलाष साहू आदि नेता मौजूद थे।

    यह भी पढ़ें- पेपर लीक मामले में अब तक 157 को जमानत, चेक बाउंस केस में व्यापारी ने किया सरेंडर; झारखंड क्राइम की बड़ी खबरें 

    यह भी पढ़ें- झारखंड टीचर नियुक्ति विवाद: फैक्ट फाइंडिंग कमेटी ने सरकार से मांगी नियुक्त अभ्यर्थियों की पूरी जानकारी