JPSC-JSSC विवाद: सीएम के साथ मीटिंग के बाद मंत्रियों ने छात्रों को कल फिर से बातचीत का दिया न्योता
झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में धांधली के आरोपों को लेकर छात्रों का आंदोलन 15वें दिन भी जारी रहा। सरकार और छात्रों के बीच रविवार को फिर वा ...और पढ़ें
-1786206296852_m.webp)
छात्रों ने टॉर्च जलाकर निकाला मार्च। (PTI)
HighLights
JPSC-JSSC धांधली के खिलाफ छात्रों का 15वें दिन आंदोलन।
सरकार के साथ छात्रों की बातचीत बेनतीजा रही।
छात्र 14वीं JPSC सिविल सेवा परीक्षा रद्द करने की मांग पर अड़े।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की परीक्षाओं में कदाचार की पुष्टि होने के बाद रांची में पिछले 15 दिनों से चल रहा छात्र आंदोलन निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है।
छात्र संगठनों से वार्ता के लिए सरकार की ओर से गठित मंत्रियों की चार सदस्यीय समिति की छात्र प्रतिनिधियों से शनिवार को दिन में हुई मैराथन बैठक और शाम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ लगभग दो घंटे के विमर्श के बाद छात्र प्रतिनिधियों को रविवार की दोपहर 12 बजे वार्ता के लिए फिर आमंत्रित किया गया है।
इस वार्ता में सिर्फ छात्रों को बुलाया गया है। राजनीतिक दलों से संबद्ध छात्र संगठनों से दूरी बनाई गई है। माना जा रहा है कि मंत्रियों की समिति और जेपीएससी-जेएसएससी रिफार्म्स मंच के बैनर तले आंदोलनरत छात्रों के बीच प्रस्तावित इस वार्ता में 14वीं जेपीएससी की पीटी परीक्षा समेत लगभग आधा दर्जन प्रतियोगी परीक्षाओं को रद किया जा सकता है, जिनका परिणाम अभी नहीं निकला है।
सरकार खासकर उन प्रतियोगी परीक्षाओं के परिणाम को रद करने का विचार कर रही है, जिनमें पूरे घटनाक्रम के किंगपिन अभय तिवारी की संलिप्तता उजागर हुई है अथवा हो रही है। साथ ही कुछ परीक्षाओं की न्यायिक जांच कराने का निर्णय भी लिया जा सकता है।
इससे पूर्व मंत्रियों की समिति और जेपीएससी-जेएसएससी रिफार्म्स मंच के आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ दूसरे दौर की बातचीत स्टेट गेस्ट हाउस में हुई। इसके बाद नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया, आदिवासी छात्र संघ और झारखंड छात्र मोर्चा के प्रतिनिधियों से वार्ता हुई।
खबरें और भी
करीब डेढ़ घंटे चली वार्ता में अभ्यर्थियों ने 14वीं जेपीएससी पीटी समेत भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों, पारदर्शिता और परीक्षा व्यवस्था में सुधार से जुड़ी मांगें रखीं। इस दौरान 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद करने तथा मामले की सीबीआई जांच की मांग को लेकर गतिरोध कायम रहा।
उधर, झारखंड के सामाजिक कार्यकर्ता हरिशरण देवगन ने इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की है। इसी कड़ी में शनिवार को सरकार की ओर से एक ईमेल आईडी जारी कर छात्रों व अन्य से सुझाव भी मांगे गए हैं।
वार्ता के लिए सरकार की ओर से गठित कमेटी में शामिल मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, सुदिव्य कुमार, संजय प्रसाद यादव और चमरा लिंडा ने भी प्रस्तावित वार्ता के निर्णायक होने के संकेत दिए हैं। बहरहाल, छात्रों का आंदोलन जारी है। मंच ने अपनी मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर 10 अगस्त को विधानसभा घेराव के निर्णय को बरकरार रखा है, जिसे भाजयुमो ने भी समर्थन देने की बात कही है।
टॉर्च जलाकर किया प्रदर्शन
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार रात भी 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल और सरकार के बीच वार्ता हुई थी। अपनी मांगों को लेकर मुखर छात्रों ने शनिवार शाम को टॉर्च जलाकर अनोखे अंदाज में सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
एबीवीपी ने सीएम हाउस घेरा, हिरासत में लिए गए 10 कार्यकर्ता
छात्रों के चल रहे आंदोलन के बीच शनिवार को ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री आवास को घेरने का प्रयास किया। इस दौरान मुख्यमंत्री आवास के पास पुलिस और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
बैरिकेड तोड़ने की कोशिश के बाद पुलिस ने कुछ कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया, जिन्हें शाम में छोड़ दिया गया। जिन्हें हिरासत में लिया गया था, उनमें एबीवीपी के झारखंड-बिहार के क्षेत्रीय संगठन मंत्री प्रदीप शेखावत, झारखंड के प्रांत संगठन मंत्री पशुपतिनाथ उपमन्यु, प्रकाश टुटी आदि शामिल रहे।
अलग-अलग पंडाल, उद्देश्य सिर्फ परीक्षा पद्धति में सुधार
रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में पीएससी-जेएसएससी रिफार्म्स मंच, आईसा आदि के बैनर तले आंदोलनरत छात्रों के पंडाल भले ही अलग-अलग हो, परंतु उनका इकलौता उद्देश्य पूरी परीक्षा प्रक्रिया में सुधार लाने को लेकर सरकार पर दबाव बनाना ही है।
छात्रों के इस आंदोलन को विभिन्न राजनीतिक दलों और संगठनों का समर्थन मिल रहा है। शनिवार को प्रसिद्ध अभिनेता और गीतकार पीयुष मिश्रा भी आंदोलन स्थल पर पहुंचे और छात्रों को हौसला बढ़ाया।
यह भी पढ़ें- रांची JPSC-JSSC प्रोटेस्ट: झारखंड BJP अध्यक्ष बोले- सरकार को नौकरी देने का अधिकार, छीनने का नहीं