Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पलामू में गर्भवती महिला की मौत: मायके का आरोप- पति ने पीटकर की हत्या, फिर फंदे से लटकाया

    Updated: Thu, 16 Apr 2026 01:11 PM (IST)

    पलामू के बूढ़ीखाड़ गांव में 20 वर्षीय गर्भवती पुनिता देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि पति अंजन मेहता ने खाना ...और पढ़ें

    News Article Hero Image
    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    संवाद सहयोगी, गढ़वा। पलामू जिले के पांडु थाना क्षेत्र के बूढ़ीखाड़ गांव की 20 वर्षीय गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान अंजन मेहता की पत्नी पुनिता देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर मारपीट कर हत्या करने और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को फांसी के फंदे से लटका देने का गंभीर आरोप लगाया है।

    मेराल थाना क्षेत्र के जोगनी गांव निवासी मृतका के पिता दीपक मेहता व मां वेदवंती देवी ने बताया कि उनकी पुत्री पुनिता देवी की शादी करीब एक वर्ष पहले बूढ़ीखाड़ गांव निवासी अंजन मेहता के साथ हुई थी। वर्तमान में वह तीन माह की गर्भवती थी।

    उन्होंने आरोप लगाया कि मंगलवार की शाम खाना बनाने को लेकर हुए विवाद में उसके पति ने मारपीट कर उसकी हत्या कर दी और मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। उन्होंने बताया कि मृतका के शरीर पर मारपीट के निशान भी पाए गए हैं।

    दीपक मेहता ने बताया कि दो माह पहले पुनिता एवं उसकी सास के बीच किसी बात को लेकर हुए नोंकझोंक के बाद अंजन मेहता ने पुनिता को पीटकर मायके लाकर छोड़ दिया था। इसके 15 दिनों के बाद अंजन मेहता जोगनी गांव आया और पुनिता को लेकर चला गया।

    खबरें और भी

    उन्होंने बताया कि सोमवार को मेराल थाना क्षेत्र स्थित जोगनी गांव में एक पूजाई कार्यक्रम आयोजित था। इसमें पुनिता देवी की सभी बहनें और बहनोई पहुंचे थे, लेकिन उसका पति अंजन मेहता उसे वहां नहीं ले गया। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। सोमवार की शाम गुस्से में आकर पुनिता देवी ने घर में खाना नहीं बनाया था, जिसकी सूचना ससुराल पक्ष ने फोन कर मायके वालों को दी थी।

    बताया गया कि मायके वालों के समझाने पर मंगलवार को दिन में उसने घर में खाना बनाया, लेकिन ससुराल पक्ष के किसी सदस्य ने पुनिता द्वारा बनाए खाना नहीं खाया। इसके बाद शाम में जब उसने फिर खाना नहीं बनाया तो विवाद बढ़ गया। मायके पक्ष का आरोप है कि इसी दौरान उसके पति ने मारपीट कर उसकी हत्या कर दी।

    वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि विवाद के बाद पुनिता देवी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद ससुराल वाले उसे इलाज के लिए आनन-फानन में गढ़वा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि मायके वालों के सदर अस्पताल पहुंचने के बाद ससुराल पक्ष के लोग शव छोड़कर वहां से फरार हो गए।

    इधर, सूचना मिलने के बाद गढ़वा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है। घटना के बाद मृतका के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है तथा वे दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- धनबाद के केंदुआ में पुराना महाप्रबंधक आवास की दीवार गिरी, जमीन से निकलने लगी गैस; लोगों में डर

    यह भी पढ़ें- जमशेदपुर में अवैध गिट्टी लदा हाईवा जब्त, ड्राइवर फरार; राजस्व चोरी रोकने को लेकर हुई कार्रवाई