झारखंड में माओवादी गतिविधियों में कमी: 11 पिकेट खाली, 18 कैंपों से घटाया गया बल
झारखंड में माओवादी गतिविधियों में कमी आने के बाद पुलिस मुख्यालय ने 11 पुलिस पिकेट पूरी तरह खाली कर दिए हैं। ...और पढ़ें

घटाए गए सुरक्षा बल। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
माओवादी गतिविधियां थमने पर 11 पुलिस पिकेट खाली।
18 सुरक्षा कैंपों से आंशिक बल वापस बुलाया गया।
झारखंड अब सिक्योरिटी रिलेटेड एक्सपेंडिचर जिला नहीं।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड में माओवादी गतिविधियां थमते ही जंगलों में तैनात पुलिस पिकेट को भी खाली किया जाने लगा है। सिक्योरिटी रिलेटेड एक्सपेंडिचर (एसआरई) जिला घटने के बाद केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों की कुछ कंपनियों को भी दूसरे राज्यों में तैनात किया जाना है।
झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्य में माओवाद, अपराध व विधि व्यवस्था आदि से संबंधित बिंदुओं पर समीक्षा के बाद 11 पुलिस पिकेट को खाली करवा दिया है, जबकि 18 सुरक्षा कैंपों से भी आंशिक बल को घटाते हुए उन्हें उनके पैतृक बटालियन को वापस किया जा रहा है।
जिन 11 पिकेट को पूरी तरह खाली करा दिया गया है, उनमें रांची के तमाड़ स्थित विजयगिरी पिकेट (जैप-2, 34 जवान), गुमला के पालकोट स्थित गुदमा पिकेट (सैप के 30 जवान), खूंटी के मुरहू स्थित केवड़ा पिकेट (जैप-4, 53 जवान), खूंटी के रनिया स्थित टोकेन पिकेट (जैप-4, 49 जवान), लातेहार के ओरिया पिकेट (जैप-7, 46 जवान), लातेहार के पतकी पिकेट (आइआरबी-4, 18 जवान), लातेहार के चंदवा स्थित बोदा पिकेट (आइआरबी-8, 47 पिकेट), गिरिडीह के पीरटांड स्थित कोलचुवा पिकेट (जैप-5, 38 जवान), गिरिडीह के निमियाघाट स्थित बेलाटांड़ पिकेट (जैप-9, 26 जवान), जमशेदपुर के बादाम स्थित डांगरडीह पिकेट (जैप-6, 26 जवान) व सरायकेला जिले के खरसांवा स्थित रेडिगढ़ा पिकेट (जैप-6, 26 जवान) शामिल हैं।
इनके अलावा 18 ऐसे पिकेट हैं, जहां से आंशिक बल को कम किया गया है। इन 18 पिकेट पर कुल 851 बल तैनात हैं, जिनमें से 295 बल को उनके संबंधित बटालियन को वापस किया गया है।
इन 18 पिकेट में खूंटी के जरियागढ़ का बकसपुर पिकेट, खूंटी के अड़की का हुट पिकेट, पलामू के नवडीहा बाजार स्थित कुकुकला पिकेट, पलामू के नवडीहा बाजार का डगरा पिकेट, पलामू के मनातू का मसड़िया पिकेट, पलामू के मनातू का पदमा पिकेट, पलामू के मनातू का चक पिकेट, पलामू के पीपरटांड़ थाना स्थित पिकेट, गढ़वा के बरगड़ स्थत मतगड़ी पिकेट, लातेहार के गारू चौपटनाला, लातेहार के गारू स्थित चिपरू, लातेहार के छिपादोहर स्थित केड, गिरिडीह के मधुबन स्थित डाकबंगला, गिरिडीह के गांवा स्थित बरमसिया, मधुबन स्थित शीतलनाला, जमशेदपुर के गुड़ाबांदा, जमशेदपुर के गालूडीह भमराडीह व सरायकेला के कुचाई पिकेट शामिल हैं।