JPSC-JSSC प्रोटेस्ट: देर रात छात्रों को मनाने पहुंचा प्रशासन, बातचीत के बाद लिखित आश्वासन पर अड़े स्टूडेंट्स
जेपीएससी-जेएसएससी छात्र आंदोलन में देर रात प्रशासन ने छात्रों से वार्ता की। छात्रों ने मौखिक आश्वासन ठुकराते हुए अपनी मांगों पर लिखित भरोसा मिलने तक आ ...और पढ़ें

देर रात छात्रों को मनाने पहुंचा प्रशासन।
HighLights
प्रशासन ने देर रात छात्रों से दो घंटे वार्ता की।
छात्रों ने मांगों पर लिखित आश्वासन की मांग की।
बारिश के बावजूद आंदोलन जारी, छात्र डटे रहे।
जागरण संवाददाता, रांची। जेपीएससी, जेएसएससी सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच शुक्रवार देर रात प्रशासन और छात्रों के बीच करीब दो घंटे तक वार्ता हुई। रात करीब 11 बजे एडीएम लॉ एंड ऑर्डर धनंजय कुमार और एसडीओ कुमार रजत धरनास्थल पहुंचे और आंदोलनकारी छात्रों को समझाने का प्रयास किया।
वार्ता के दौरान प्रशासन की ओर से छात्रों को उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया गया। हालांकि आंदोलनकारी छात्रों का कहना था कि उनकी किसी भी मांग पर स्पष्ट सहमति नहीं बनी है और केवल विचार करने की बात कही गई है।
छात्रों ने मौखिक आश्वासन स्वीकार करने से इनकार करते हुए मांगों पर लिखित आश्वासन देने की मांग रखी। लिखित भरोसा नहीं मिलने के कारण छात्रों ने आंदोलन जारी रखने का फैसला किया।
देर रात वार्ता के बाद कुछ समय के लिए छात्रों के बीच असमंजस की स्थिति भी बनी रही। चर्चा थी कि सरकार ने मांगें मान ली हैं, लेकिन आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक लिखित आदेश या आधिकारिक आश्वासन नहीं मिलता, तब तक धरना और अनशन जारी रहेगा।
इधर, शुक्रवार शाम से देर रात तक हुई लगातार बारिश ने धरनास्थल की मुश्किलें और बढ़ा दीं। धरना स्थल के कई हिस्सों में जलजमाव हो गया, जिससे छात्रों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद आंदोलनकारियों का हौसला नहीं टूटा। सैकड़ों छात्र पूरी रात धरनास्थल पर डटे रहे और खराब मौसम के बीच भी आंदोलन जारी रखा।
खबरें और भी
छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस और लिखित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा। देर रात तक धरनास्थल पर छात्रों की मौजूदगी बनी रही और प्रशासन भी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए था।