JSSC की सफाई, झारखंड में आयाेग की किसी भी परीक्षा में TDPL की सहभागिता नहीं
झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने अपनी किसी भी परीक्षा में एजेंसी टीडीपीएल (TSR Data Processing Private Limited) की संलिप्तता से इनकार किया है। टीडीप ...और पढ़ें

JSSC का खुलासा टीडीपीएल का आयोग की परीक्षाओं से कोई संबंध नहीं।
HighLights
जेएसएससी ने टीडीपीएल की परीक्षा में भूमिका नकारी।
टीडीपीएल को 20 मई 2025 को गैर-सूचीबद्ध किया गया।
जेएसएससी ने समाचार पत्र की खबर का खंडन किया।
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) ने अपनी किसी भी परीक्षा में एजेंसी टीडीपीएल की भूमिका होने से इन्कार किया है। आयोग ने स्पष्ट किया कि आयोग द्वारा विगत वर्षों में संपन्न तथा वर्तमान एवं भावी परीक्षाओं के संचालन, परीक्षा प्रबंधन, परीक्षा प्रक्रिया अथवा किसी भी परीक्षा संबंधी कार्य से टीडीपीएल एजेंसी का किसी प्रकार का संबंध नहीं है।
आयोग के सचिव ने रविवार को सूचना प्रकाशित कर कहा कि आयोग द्वारा 20 मई 2025 को इस एजेंसी को परीक्षा संबंधी सभी कार्यों से मुक्त करते हुए गैर सूचीबद्ध कर दिया गया है। उक्त तिथि के बाद या पूर्व में आयोग द्वारा संचालित किसी भी परीक्षा अथवा परीक्षा संबंधी गतिविधि में इस एजेंसी की किसी प्रकार की भूमिका, दायित्व अथवा सहभागिता नहीं है।
आयोग ने एक समाचार पत्र (दैनिक जागरण नहीं) में प्रकाशित उस समाचार के खंडन के रूप में यह सूचना प्रकाशित की, जिसमें कहा गया था कि टीडीपीएल के पास जेएसएससी की पांच परीक्षाओं का जिम्मा था। जेपीएससी विवादों के बाद जेएसएससी के रिजल्ट और परिणाम की जांच करने को भी मुद्दा बनाया जा रहा है।
बताते चलें कि झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) में इस एजेंसी को कई प्रतियोगिता परीक्षाओं की जिम्मेदारी दी गई थी। सीआईडी ने जांच के क्रम में इस एजेंसी के कई कर्मियों को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है।
जेएसएससी से कार्यमुक्त किए जाने के बाद भी जेपीएससी में इसे परीक्षाओं की जिम्मेदारी दी गई थी। सीआईडी इसकी जांच कर रही है। टीडीपीएल के एक मैनेजर पर जेपीएससी और जेसएससी दोनों के एग्जाम पास करने का आरोप है, जिसकी जांच सीआईडी कर रही है।