विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रांची में महापौर रोशनी खलखो और उपमहापौर नीरज कुमार ने संभाला पदभार, नीरज को मिले 38 वोट

Published: Thu, 19 Mar 2026 03:10 PM (IST)Updated: Thu, 19 Mar 2026 05:49 PM (IST)

रांची नगर निगम में वार्ड 31 के पार्षद नीरज कुमार ने डिप्टी मेयर का चुनाव जीत लिया है। उन्हें 38 ...और पढ़ें

नीजर ने कहा- शहर के विकास और साफ-सफाई पर देंगे जोर। (फोटो: जागरण)

नीजर ने कहा- शहर के विकास और साफ-सफाई पर देंगे जोर। (फोटो: जागरण)

HighLights

  1. नीरज कुमार रांची के नए डिप्टी मेयर चुने गए।

  2. मेयर रोशनी खलखो के साथ पदभार ग्रहण किया।

जागरण संवाददाता, रांची। रांची नगर निगम में डिप्टी मेयर पद के चुनाव में भाजपा समर्थित वार्ड 31 के पार्षद नीरज कुमार ने जीत हासिल कर ली है। उन्हें कुल 38 वोट मिले, जबकि दूसरे उम्मीदवार वार्ड 44 के पार्षद परमजीत सिंह को मात्र 15 वोटों से संतोष करना पड़ा

रांची में तीन वर्षों के अंतराल के बाद नगर सरकार ने औपचारिक रूप से कामकाज संभाल लिया। गुरुवार को नगर निगम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महापौर रोशनी खलखो और उपमहापौर नीरज कुमार ने पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर पार्षदों की मौजूदगी और समर्थकों काफी उत्साह था।

समाहरणालय सभागार में शपथ ग्रहण से हुई, जहां उपायुक्त ने महापौर रोशनी खलखो को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद महापौर ने ही उपमहापौर निर्वाचित नीरज कुमार को शपथ दिलाई। इस प्रक्रिया के साथ ही नगर निगम की नई टीम ने आधिकारिक रूप से जिम्मेदारियां संभाल लीं।

उपमहापौर पद के लिए हुए चुनाव में नीरज कुमार को स्पष्ट बहुमत मिला। उन्हें कुल 38 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी परमजीत सिंह को 15 वोट मिले। इस तरह नीरज कुमार ने निर्णायक जीत दर्ज करते हुए उपमहापौर पद हासिल किया।

चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और लोकतांत्रिक प्रक्रिया का पालन किया गया। इसी क्रम में बुंडू नगर पंचायत में भी उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव कराया गया, जहां रवींद्र उरांव निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। यह निर्वाचन भी प्रशासन की देखरेख में शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हुआ।

सुबह से ही थी चर्चा, दोपहर में शहर में मिला नया उपमहापौर

सुबह से ही समाहरणालय परिसर में हलचल देखी जा रही थी। लगभग 11 बजे महापौर, और सभी पार्षद वहां पहुंचे। पूरे परिसर में उपमहापौर के चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज थीं। परिणाम घोषित होने के बाद समर्थकों ने नारेबाजी कर खुशी जाहिर की और जीत का जश्न मनाया।

पदभार ग्रहण समारोह के बाद नगर निगम में एक सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर आयुक्त ने महापौर और उपमहापौर को मंच पर आमंत्रित कर बधाई दी। सभी पार्षदों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही। विधायक सीपी सिंह और रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ भी निगम पहुंचे और नव-निर्वाचित महापौर व उपमहापौर को माला पहनाकर शुभकामनाएं दीं।

ranchi mayor

परिवार की तरह शहर को संभालने का दावा

महापौर रोशनी खलखो ने कहा कि राजधानी को एक परिवार की तरह संवारने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने स्वीकार किया कि पिछले तीन वर्षों में नगर सरकार के अभाव में लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं का सामना करना पड़ा।

अब जब जनता ने उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, तो उनकी प्राथमिकता नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना और लंबित कार्यों को पूरा करना होगा। वहीं उपमहापौर नीरज कुमार ने शहर की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण को प्राथमिकता देने की बात कही।

उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम मिलकर शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए काम करेगी। नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा और विकास कार्यों को गति दी जाएगी।

पदभार ग्रहण समारोह में नगर निगम के अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। नवनिर्वाचित डिप्टी मेयर नीरज कुमार ने कहा कि वे शहर के विकास, साफ-सफाई, बुनियादी सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देंगे। उन्होंने सभी पार्षदों के सहयोग से रांची को बेहतर बनाने का संकल्प भी दोहराया। 

बता दें कि डिप्टी मेयर पद पर एक सप्ताह से जोड़-तोड़ और कयासों का दौर जारी था। नीरज के चुनाव के साथ ही तमाम अटकलों पर विराम लग गया। 

यह भी पढ़ें- रांची में डिप्टी मेयर पर घमासान: भाजपा के 19 पार्षद पुरी में, एक वोट के लिए 10 लाख और थार SUV का ऑफर

यह भी पढ़ें- Navratri 2026: झारखंड के प्रसिद्ध 9 देवी मंदिर, रजरप्पा से इटखोरी तक; यहां विराजती हैं साक्षात माता