हवाई यात्रा 800 से 5000 रुपये तक हुई महंगी, दिल्ली-मुंबई और बेंगलुरु के किराए में 25 से 35 प्रतिशत की वृद्धि
मिडिल ईस्ट में तनाव के कारण एटीएफ महंगा होने से रांची से हवाई यात्रा महंगी हो गई है। प्रमुख शहरों जैसे दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु के लिए हवाई किराए में ...और पढ़ें

रांची से हवाई सफर हुआ महंगा, एटीएफ मूल्य वृद्धि से टिकटों में भारी उछाल।
HighLights
मिडिल ईस्ट तनाव से एटीएफ महंगा, हवाई किराया बढ़ा।
रांची से प्रमुख रूटों पर 25-35% किराया वृद्धि।
एयरलाइंस को स्वतंत्रता से टिकट दरें और बढ़ीं।
जागरण संवाददाता, रांची। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और युद्ध जैसे हालात का असर अब रांची से हवाई यात्रा पर साफ दिखने लगा है। कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने से हवाई ईंधन (एटीएफ) महंगा हो गया है, जिसका सीधा असर फ्लाइट टिकट की कीमतों पर पड़ा है।
रांची से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे प्रमुख शहरों के लिए हवाई किराया 25 से 35 प्रतिशत तक बढ़ गया है। आने वाले दिनों में टिकट दरों में और बढ़ोतरी हो सकती है। एक अप्रैल के बाद एयरलाइंस को किराया तय करने में अधिक स्वतंत्रता मिलने से कंपनियां बाजार की मांग और लागत के आधार पर कीमतें तय कर रही हैं।
रांची एयरपोर्ट से रोजाना करीब 8,000 यात्री आना जाना करते हैं। ऐसे में टिकट दरों में अचानक आई बढ़ोतरी ने यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।
आम दिनों में जहां रांची से दिल्ली का किराया 8 से 10 हजार रुपये के बीच रहता था, वहीं अब यह बढ़कर 12 से 15 हजार रुपये तक पहुंच गया है। इसी तरह मुंबई के लिए किराया 14 से 16 हजार रुपये तक हो गया है।
कोलकाता और हैदराबाद जैसे रूट भी इससे अछूते नहीं हैं। कोलकाता के लिए टिकट 8 से 10 हजार रुपये और हैदराबाद के लिए 10 से 13 हजार रुपये तक बिक रहे हैं। पुणे और बेंगलुरु के भी टिकट चार हजार रुपये तक महंगे हो गए हैं। यात्रियों का कहना है कि अचानक बढ़े किराए के कारण उन्हें अपनी यात्रा योजनाओं में बदलाव करना पड़ रहा है।
एयरलाइंस कंपनियों ने बढ़ी कीमतों के पीछे एटीएफ की लागत में इजाफा और परिचालन खर्च बढ़ने को प्रमुख कारण बताया है। कंपनियों ने प्रति टिकट अतिरिक्त फ्यूल सरचार्ज भी लागू किया है, जो करीब 399 रुपये या उससे अधिक है।
यात्रियों को राहत मिलने की फिलहाल कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है। यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें इसी तरह ऊंची बनी रहती हैं, तो हवाई यात्रा और महंगी हो सकती है। ऐसे में रांची से यात्रा करने वाले लोगों के लिए फिलहाल हवाई सफर जेब पर भारी पड़ता दिख रहा है।