Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रांची में 2 साल के बच्चे को बोरे में बंद कर जंगल में फेंक गए चोर, ग्रामीणों की सतर्कता से बची जान 

    Updated: Wed, 11 Feb 2026 12:41 PM (IST)

    पिपरवार के बचरा 122 कॉलोनी में दो वर्षीय बच्चे के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया। चोरों ने मासूम को प्लास्टिक के बोरे में बंद कर जंगल में फेंक दिया ...और पढ़ें

    रांची में बच्चा चोरी की घटना से हड़कंप। फोटो एआई

    रांची में बच्चा चोरी की घटना से हड़कंप। फोटो एआई

    HighLights

    1. दो वर्षीय मासूम को बोरे में बंद कर फेंका।

    2. ग्रामीणों की सतर्कता से बच्चे की जान बची।

    3. पुलिस कर रही है मामले की गहन जांच।

    जागरण संवाददाता, पिपरवार। पिपरवार थाना क्षेत्र अंतर्गत बचरा 122 कॉलोनी में मंगलवार सुबह बच्चा चोरी की सनसनीखेज वारदात ने पूरे कोयलांचल को दहला दिया। स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता और साहस से जहां दो वर्षीय मासूम की जान बच गई।

    वहीं, यह घटना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर गई है। जंगल में खोजबीन के दौरान मासूम को प्लास्टिक बोरे के भीतर, कपड़े से मुंह बंधी और बेहोशी की हालत में बरामद किया गया।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे एक महिला ने एक संदिग्ध व्यक्ति को बच्चे को लेकर जाते देखा। महिला के शोर मचाते ही कॉलोनी में अफरातफरी मच गई और ग्रामीणों ने तुरंत आसपास के इलाकों व जंगलों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया। कुछ ही देर बाद पास के जंगल से मासूम को बरामद कर लिया गया, जिससे उसकी जान बच सकी।

    बरामद बच्चा सीता कुमार उम्र 2 वर्ष बताया जा रहा है, जो बुंडू पंचायत के बटुका निवासी टेकलाल महतो एवं सुनीता देवी का पुत्र है और वर्तमान में बचरा 122 कॉलोनी में रह रहा था। बच्चे की हालत देखकर ग्रामीणों में आक्रोश और भय दोनों देखने को मिला।

    तीन संदिग्धों पर शक की सुई 

    ग्रामीणों ने इस घटना में तीन संदिग्ध पुरुषों की संलिप्तता की आशंका जताई है। वहीं तलाशी के दौरान बचरा साइडिंग के समीप जंगल से करीब तीन वर्षीय एक अन्य किड्स स्कूल के बच्चे की स्कूल ड्रेस पैंट-शर्ट मिलने से इलाके में दहशत और गहरा गई है।

    लोगों को आशंका है कि मामला किसी संगठित गिरोह से जुड़ा हो सकता है। घटना की सूचना मिलते ही पिपरवार थाना पुलिस हरकत में आई और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

    आसपास के जंगलों और संवेदनशील क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इस संबंध में पिपरवार थाना प्रभारी अभय कुमार ने बताया कि घटना अत्यंत गंभीर है और किसी भी सूरत में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है।

    खबरें और भी

    इलाके में भय का माहौल

    इस सनसनीखेज घटना के बाद बचरा 122 कॉलोनी सहित आसपास के इलाकों में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आरोपी तत्वों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

    यह घटना न केवल इलाके की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है, बल्कि अभिभावकों के लिए भी एक गंभीर चेतावनी बनकर सामने आई है।

    यह भी पढ़ें- जमशेदपुर के 2 शहरी क्षेत्रों को 500 करोड़ का नुकसान, अब निकाय चुनाव के बाद खुलेगा विकास का रास्ता

    यह भी पढ़ें- बोकारो में शराब पीकर भटक रहा था युवक, लोगों ने बच्चा चोर समझ कर दी धुनाई