डीजल की कमी से थमा होटल-रेस्टोरेंट का चूल्हा, रांची में बंद होने लगी भट्ठियां
शहर में डीजल की किल्लत से रांची के होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर बुरा असर पड़ रहा है। पर्याप्त डीजल न मिलने से कई प्रतिष्ठानों की डीजल भट्ठियां बंद हो ...और पढ़ें

डीजल संकट से होटल-रेस्टोरेंट कारोबार प्रभावित

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रांची। शहर में डीजल की किल्लत का असर अब होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर भी दिखने लगा है। डीजल पर्याप्त मात्रा में नहीं मिलने से कई होटल-रेस्टूरेंट की डीजल भट्ठियां बंद होने लगी हैं, जिससे कारोबारियों की परेशानी बढ़ गई है।
होटल संचालकों का कहना है कि पहले कमर्शियल गैस सिलिंडर की कमी और बढ़ती कीमतों से वे परेशान थे। इसके समाधान के लिए कई प्रतिष्ठानों ने रसोई में डीजल भट्ठियों का निर्माण कराया था, लेकिन अब डीजल संकट ने नई समस्या खड़ी कर दी है।
होटल-रेस्टोरेंट संचालकों के अनुसार, शहर के कई प्रतिष्ठान, जिनमें पंजाब स्वीट्स हाउस समेत अन्य होटल शामिल हैं, ने आनन-फानन में डीजल भट्ठियां लगाई थीं ताकि खाना बनाने में किसी प्रकार की बाधा न आए। लेकिन वर्तमान स्थिति में डीजल नहीं मिलने से इन भट्ठियों का संचालन प्रभावित हो रहा है।
व्यवसायियों का कहना है कि उन्हें डीजल के लिए शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, फिर भी पर्याप्त मात्रा में ईंधन नहीं मिल पा रहा है। होटल संचालकों ने प्रशासन से जल्द डीजल आपूर्ति सामान्य कराने की मांग की है, ताकि कारोबार प्रभावित न हो।