Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दो घंटे की बारिश में पानी-पानी हुई रांची, ड्रेनेज सिस्टम ध्वस्त; कई जगहों पर डूबे पुल-पुलिया

    Updated: Sun, 19 Jul 2026 09:09 AM (IST)

    रांची में दो घंटे की भारी बारिश से पूरा शहर जलमग्न हो गया, जिससे ड्रेनेज सिस्टम ध्वस्त हो गया और कई इलाकों में जलजमाव हो गया। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. दो घंटे की बारिश में रांची शहर पानी-पानी हुआ।

    2. ड्रेनेज सिस्टम ध्वस्त, घरों-दुकानों में घुसा नाले का पानी।

    3. मौसम विभाग ने 22 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी किया।

    जागरण संवाददाता, रांची। रांची समेत आसपास के जिलों में सक्रिय मानसून का असर देखने को उस समय मिला जब शनिवार को दो घंटे तक झमाझम वर्षापात ने पूरे शहर को पानी पानी कर दिया। अचानक उमड़-घुमड़ आए काले बादल ने सक्रिय मानसून की पहली बार बानगी दिखाई तो शहर का ड्रेनेज सिस्टम ध्वस्त नजर आया।

    अमूमन सभी गली मोहल्ले में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। कई जगहों पर तो घरों और दुकानों में नाले का पानी घुस गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बता दें कि रांची नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत नालों की उड़ाही नहीं होने से यह समस्या हर वर्ष देखने को मिलती है।

    तीन फीट गहरे और करीब तीन फीट चौड़े नाले में ढ़ाई फीट तक गाद भरा है और इसकी उड़ाही नहीं होने और वर्षापात होने के बाद नाले का गंदा पानी सड़कों पर बहता है और कहीं कहीं तो घरों व दुकानों में प्रवेश कर जाता है।

    Ranchi Flood

    नगर सरकार बने करीब चार माह हो गए और मानसून के मद्देनजर साफ सफाई का प्लान भी बना लेकिन सब कागजी साबित हो रहा है। नालों की उड़ाही नहीं होने का परिणाम अब सबके सामने आ रहा है। कई जगहों पर तो लोग अपने खर्च पर नाले की सफाई करा रहे हैं लेकिन यह नाकाफी है। वहीं दूसरी ओर वर्षापात के बाद रांची व आसपास के जिलों का तापमान भी गिर गया है।

    खबरें और भी

    कई जगहों पर डूब गए पुल पुलिया

    शहर में वर्षापात का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई जगहों पर पुल पुलिया तक डूब गए। सड़कों पर इतना जलजमाव हो गया कि वाहन चालकों को घुटना भर पानी में वाहन चलाना पड़ा। उन्हें इस बात का डर सता रहा था कि कहीं वाहन नाले में या किसी गड्ढे में न फंस जाए।

    बता दें कि लालपुर और कोकर भाभा नगर को जाने वाली सड़क स्थित पुल, पंचवटी प्लाजा के सामने स्थित पुल, वार्ड 8 एवं 7 को जोड़ने वाले मार्ग पर बना हुआ खोरहाटोली कोकर मार्ग पर बनी पुलिया पूरी तरह से वर्षापात के दौरान डूब गई।

    स्थानीय लोगों ने बताया कि 5 वर्ष पूर्व सितंबर 2020 में उमेश राणा नामक व्यक्ति इसी पुलिया में पानी के बहाव के साथ बह गए थे, जिनका शव नगर निगम को आज तक नहीं मिला। इतने दिनों बीत जाने के बाद भी व्यवस्था जस की तस बनी हुई है। इस पुलिया से लगभग 15 हजार लोग आवागमन करते हैं और वर्षापात के बाद वे प्रभावित होते हैं।

    यही हाल बकरी बाजार, बहु बाजार और सेवा सदन के क्षेत्र में देखने को मिला। जहां जलजमाव इतना था कि लोगों को वर्षापात के बाद सड़क पर उतरने के लिए दो से ढाई घंटे का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान लोग नगर निगम की व्यवस्था को कोसते नजर आए।

    लोगों ने कहा कि नगर निगम द्वारा नाले की सफाई नहीं किए जाने का ही परिणाम है कि वर्षापात के बाद नाले में जलप्रवाह रूक जाता है और नाले का गंदा पानी उफनकर बाहर निकलने लगता है और पूरे शहर में जलजमाव का कारण बनता है।

    Ranchi Flood

    वर्षापात की बनी रहेगी संभावना, यलो अलर्ट जारी

    मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया कि फिलहाल वर्षापात की संभावना बनी रहेगी। 19 जुलाई को निकटवर्ती मध्य भाग यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद के अलावा उत्तर पूर्वी हिस्से यानी देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़,

    जामताड़ा, गिरिडीह और साहिबगंज के साथ साथ दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में मेघगर्जन के साथ 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा के बहने और आकाशीय बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।

    इन जिलों में यह स्थिति 22 जुलाई तक बनी रहेगी। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अगले दो दिनों तक यानी 19 और 20 जुलाई को अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

    इसके बाद अगले तीन दिनों यानी 21, 22 और 23 जुलाई को तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। बताया कि सामान्यत: राज्य के सभी जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और वर्षापात होने की पूरी संभावना है।

    ऐसा रहा मौसम

    पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो राज्य में कहीं कहीं हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा हुई जबकि कहीं कहीं अत्यधिक वर्षापात हुए। सबसे अधिक वर्षापात 195.2 मिमी जमशेदपुर में रिकार्ड किया गया।

    वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस लातेहार में रिकार्ड किया गया। वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम 31.1 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम 23.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

    ऐसा रहेगा रांची में अगले चार दिनों का तापमान

    तारीख अधिकतम तापमान (°C) न्यूनतम तापमान (°C)
    19 जुलाई 28 23
    20 जुलाई 27 23
    21 जुलाई 27 24
    22 जुलाई 28 24

    यह भी पढ़ें- झारखंड BJP में मोर्चा-प्रकोष्ठों की घोषणा में फंसा पेंच, जातीय समीकरण और क्षेत्रीय संतुलन साधने में जुटा नेतृत्व