रांची में बढ़ी एलपीजी संकट: 1.5 लाख उपभोक्ताओं को 15 दिन का इंतजार, होटल-रेस्टोरेंट प्रभावित
रांची में एलपीजी गैस की गंभीर किल्लत है, जिससे इंडियन ऑयल के 1.5 लाख उपभोक्ता 10-15 दिनों तक होम डिलीवरी का इंतजार कर रहे हैं। ...और पढ़ें
-1773486842764-1774588019948_m.webp)
सांकेतिक तस्वीर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रांची। राजधानी रांची में एलपीजी गैस की किल्लत अब गंभीर रूप ले चुकी है। इंडियन ऑयल के करीब 1.5 लाख उपभोक्ताओं वाले शहर में हालात ऐसे हैं कि घरेलू गैस की होम डिलिवरी के लिए 10 से 15 दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है।
जिला प्रशासन की सख्ती के बावजूद लोग सुबह चार बजे से ही गैस गोदामों के बाहर लाइन लगाने को मजबूर हैं। आंकड़ों के अनुसार शहर में रोजाना करीब 20 हजार सिलिंडर की बुकिंग हो रही है, जबकि आपूर्ति मात्र 15,200 सिलिंडर तक सीमित है।
इसके कारण इंडियन ऑयल के ही करीब 60 हजार से अधिक बुकिंग लंबित हो चुकी है। ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था भी पूरी तरह सुचारू नहीं हो पाई है, बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को पुष्टि संदेश तक नहीं मिल रहा।
होटल-रेस्टोरेंट पर गहरा असर
कमर्शियल गैस की कमी ने होटल और रेस्टोरेंट व्यवसाय को भी प्रभावित किया है। छोटे होटल पहले ही बंद हो चुके हैं, अब बड़े रेस्टोरेंट में भी किचन संचालन प्रभावित होने लगा है।
कई जगहों पर मेन्यू बदल दिया गया है, गैस आधारित व्यंजन हटाकर स्नैक्स और कम गैस में बनने वाले विकल्प रखे जा रहे हैं। घरों में खाना बनाने की समस्या बढ़ रही है, वहीं छात्रावास, मेस और छोटे व्यवसाय सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। गैस की कमी के चलते लोग वैकल्पिक ईंधन की ओर रुख कर रहे हैं।
प्रशासन ने कालाबाजारी रोकने के दिए निर्देश
प्रशासन ने आपूर्ति सुधारने और कालाबाजारी रोकने के निर्देश दिए हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर समस्या बरकरार है। विशेषज्ञों का मानना है कि आपूर्ति बढ़ाने, वितरण प्रणाली को पारदर्शी बनाने और ऑनलाइन बुकिंग को दुरुस्त करने के साथ-साथ कालाबाजारी पर सख्ती जरूरी है। अन्यथा आने वाले दिनों में यह संकट और गहरा सकता है।