'50 लाख नहीं दिए तो होगी फौजी कार्रवाई', रांची में PLFI के नाम पर व्यवसायी से मांगी गई रंगदारी
रांची के चुटिया थाना क्षेत्र में धर्मवीर कुमार सिंह से पीएलएफआई के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। ...और पढ़ें

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई सांकेतिक तस्वीर। (जागरण)
HighLights
धर्मवीर कुमार सिंह से पीएलएफआई के नाम पर रंगदारी मांगी।
50 लाख रुपये की मांग।
बच्चों का जिक्र कर दी धमकी।
जागरण संवाददाता, रांची। चुटिया थाना क्षेत्र के मकचुंद टोली निवासी धर्मवीर कुमार सिंह ने पीएलएफआई के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दिए जाने के संबंध में चुटिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिकी के अनुसार धर्मवीर कुमार सिंह, पिता स्वर्गीय भरत सिंह, मकचुंद टोली, हनुमान मंदिर के पीछे, थाना चुटिया, रांची के निवासी हैं।
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उनके मोबाइल पर लगातार अलग-अलग नए नंबरों से कॉल आ रहे थे। एक बार काल रिसीव करने पर कॉल करने वाले ने खुद को एक संगठन का सदस्य बताया।
हालांकि, उन्होंने पूरी बात नहीं सुनी और कॉल को नजरअंदाज कर दिया। शिकायत में कहा गया है कि 29 जून को शाम करीब 5 बजे उनके वॉट्सऐप नंबर पर एक अज्ञात नंबर से पीएलएफाअई के नाम का एक पत्र भेजा गया।
बच्चों का जिक्र करते हुए धमकी
पत्र में लिखा था कि वह क्रांतिकारी लाल सलाम संगठन की ओर से भेजा गया है और उनसे 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई है।
पत्र में स्पष्ट रूप से कहा गया कि यदि रंगदारी की मांग पूरी नहीं की गई तो उनके तथा उनके लोगों के खिलाफ फौजी कार्रवाई की जाएगी। पत्र में उनके दोनों बच्चों का भी उल्लेख किया गया है, जो ऑक्सफोर्ड स्कूल में पढ़ते हैं। बच्चों का जिक्र करते हुए उन्हें भी धमकी दी गई है।
धर्मवीर कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि इस धमकी के बाद वह और उनका पूरा परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है।
उन्हें आशंका है कि उनके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। उन्होंने थाना प्रभारी से उचित कानूनी कार्रवाई करने तथा सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। शिकायत के साथ उन्होंने पीएलएफआई के नाम से प्राप्त धमकी भरा पत्र और उन मोबाइल नंबरों की सूची भी पुलिस को सौंपी है, जिनसे लगातार कॉल आने का दावा किया गया है।