'मुझे तो चपरासी बना दिया...', नगर आयुक्त पर भड़कीं मेयर; रांची नगर निगम में घमासान
रांची नगर निगम में मेयर रोशनी खलखो और नगर आयुक्त सुशांत गौरव के बीच अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर टकराव खुलकर सामने आ गया है। ...और पढ़ें

रोशनी खलखो मेयर रांची और सुशांत गौरव नगर आयुक्त रांची। (फाइल फोटो)
HighLights
मेयर रोशनी खलखो ने नगर आयुक्त पर लगाए गंभीर आरोप।
अतिक्रमण अभियान को लेकर दोनों अधिकारियों में टकराव।
मेयर बोलीं, 'मुझे निगम में चपरासी बनाकर रखा है।'
आदिल हसन, रांची। रांची नगर निगम में अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर मेयर रोशनी खलखो और नगर आयुक्त सुशांत गौरव के बीच टकराव खुलकर सामने आ गया है।
शनिवार को गाड़ीखाना के लोगों के घर खाली करने के नोटिस के विरोध में निगम कार्यालय पहुंचे लोगों की मौजूदगी में मेयर ने नगर आयुक्त को फोन कर कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा, 'मुझे तो निगम में चपरासी बनाकर रख दिया है। किसी भी कार्रवाई या निरीक्षण की जानकारी तक नहीं दी जाती। पूरे शहर में अफरातफरी मचा दी गई है। बजट नहीं है, लेकिन रोज नए-नए प्लान बनाकर लोगों को परेशान किया जा रहा है।'
मेयर ने कहा कि अधिकारी बिना सूचना दिए फील्ड निरीक्षण पर निकल जाते हैं, जबकि जनता शिकायत लेकर सीधे उनके पास पहुंचती है।
उन्होंने अपर बाजार के प्रस्तावित अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि पहले भी उन्होंने कार्रवाई टालने को कहा था, लेकिन उनकी बात नहीं मानी गई।
महिलाओं ने मेयर से बताई नोटिस की बात
गाड़ीखाना की महिलाओं ने मेयर से मुलाकात कर आरोप लगाया कि उन्हें घर खाली करने का नोटिस दिया गया है। महिलाओं ने दावा किया कि उन्हें यह भी कहा जा रहा है कि वे भाजपा की समर्थक हैं, इसलिए उन्हें हटाया जा रहा है।
इस पर मेयर ने अधिकारियों के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता से संवेदनशील व्यवहार किया जाना चाहिए। मोरहाबादी सब्जी बाजार में पहले निगम के अधिकारियों ने उजाड़ दिया। जब विवाद बढ़ा तो मेरे हस्ताक्षेप के बाद समाधान निकला।
दैनिक जागरण से बातचीत में मेयर ने कहा कि 'नगर निगम में दो समानांतर विभाग चल रहे हैं। नगर आयुक्त अपनी मर्जी से फैसले ले रहे हैं और मेयर को सूचना तक नहीं दी जा रही। यह स्थिति उचित नहीं है।'
इस खबर में नगर आयुक्त को पक्ष लेने के लिए उनके मोबाइल नंबर पर कॉल और मैसेज किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।