Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    मॉडल कॉरिडोर पर रांची नगर निगम का बड़ा एक्शन; 48 भवनों, 340 दुकानों और 52 अवैध होर्डिंग्स पर शिकंजा

    Updated: Tue, 28 Jul 2026 06:59 AM (IST)

    रांची नगर निगम ने मॉडल कॉरिडोर पर अतिक्रमण, अवैध निर्माण और बिना ट्रेड लाइसेंस वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू की है। ...और पढ़ें

    रांची नगर निगम।

    रांची नगर निगम।

    जागरण संवाददाता, रांची। रांची को अतिक्रमण मुक्त, सुरक्षित और व्यवस्थित शहर बनाने की दिशा में रांची नगर निगम ने अब सख्त रुख अपना लिया है। शहर के पहले मॉडल कॉरिडोर पर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान शुरू हो गया है।

    निगम ने अवैध निर्माण, अतिक्रमण, बिना ट्रेड लाइसेंस संचालित प्रतिष्ठानों और फुटपाथ पर लगे अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ एक साथ कार्रवाई तेज कर दी है।

    अब तक 48 भवनों, 340 दुकानों और 52 अवैध मोनोपोल, यूनीपोल व होर्डिंग्स को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने साफ कर दिया है कि तय समय सीमा के भीतर नियमों का पालन नहीं करने वालों पर सीलिंग से लेकर ध्वस्तीकरण तक की कार्रवाई की जाएगी।

    राम मंदिर (कांके रोड) से रातू रोड चौक, हरमू बायपास होते हुए धुर्वा गोलचक्कर तक विकसित किए जा रहे मॉडल कॉरिडोर की समीक्षा सोमवार को नगर आयुक्त की अध्यक्षता में हुई।

    बैठक में इंफोर्समेंट, नगर निवेशक, राजस्व, हार्टिकल्चर और बाजार शाखा की अब तक की कार्रवाई का आकलन किया गया।

    अधिकारियों ने बताया कि पिछले दो सप्ताह से लगातार अतिक्रमण हटाने, भवनों की वैधानिक जांच, ट्रेड लाइसेंस सत्यापन, अवैध निर्माण की पहचान और सार्वजनिक स्थलों पर कब्जा हटाने का अभियान चलाया जा रहा है।

    48 भवनों को नोटिस, 7 दिन में होगी कार्रवाई

    नगर निवेशक शाखा की जांच में 48 भवनों में विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं मिलीं। इनमें 19 भवन सड़क, सेटबैक या गिफ्ट डीड की भूमि पर अतिक्रमण करते पाए गए, 21 भवनों में अवैध निर्माण मिला, जबकि आठ आवासीय भवनों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होती मिलीं।

    सभी भवन स्वामियों से दस्तावेज मांगे गए हैं। नगर आयुक्त ने सात दिनों के भीतर भवन उपविधि का उल्लंघन करने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

    340 दुकानों के पास नहीं मिला ट्रेड लाइसेंस

    राजस्व शाखा की जांच में माडल कॉरिडोर क्षेत्र की 340 दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के पास वैध ट्रेड लाइसेंस नहीं मिला। सभी को नोटिस जारी कर जल्द लाइसेंस बनवाने का निर्देश दिया गया है।

    खबरें और भी

    नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय के बाद भी बिना लाइसेंस कारोबार करने वाले प्रतिष्ठानों को सील किया जाएगा।

    52 अवैध होर्डिंग्स हटाने का अल्टीमेटम

    बाजार शाखा ने फुटपाथ और पाथवे पर लगे 52 मोनोपोल, यूनीपोल और होर्डिंग्स को अवैध मानते हुए नोटिस चस्पा किया है। संबंधित लोगों को तीन दिनों के भीतर इन्हें स्वयं हटाने का निर्देश दिया गया है।

    ऐसा नहीं करने पर निगम विशेष अभियान चलाकर इन्हें हटाएगा और पूरी कार्रवाई का खर्च भी संबंधित लोगों से वसूलेगा।

    नियमों से कोई समझौता नहीं

    नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा कि मॉडल कॉरिडोर केवल सड़क निर्माण की परियोजना नहीं, बल्कि राजधानी में व्यवस्थित, सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त शहरी व्यवस्था स्थापित करने की पहल है।

    इसलिए भवन उपविधि, ट्रेड लाइसेंस, अतिक्रमण, फुटपाथ और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। किसी भी तरह के उल्लंघन पर कठोर वैधानिक कार्रवाई होगी।

    एक नजर में कार्रवाई

    • 48 भवनों को विभिन्न अनियमितताओं पर नोटिस
    • 19 भवनों पर सड़क, सेटबैक या गिफ्ट डीड भूमि पर अतिक्रमण का आरोप
    • 21 भवनों में अवैध निर्माण की पहचान
    • 08 आवासीय भवनों में व्यावसायिक गतिविधियां मिलीं
    • 340 दुकानों के पास वैध ट्रेड लाइसेंस नहीं
    • 52 अवैध मोनोपोल, यूनीपोल और होर्डिंग्स को नोटिस
    • तीन दिन में होर्डिंग्स नहीं हटे तो निगम करेगा कार्रवाई
    • सात दिन में भवन उपविधि उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

    यह भी पढ़ें- 40 लाख से नए मोबाइल टॉयलेट खरीदने की तैयारी में रांची नगर निगम, इधर शहर में सड़ रहे पुराने शौचालय