मानसून से पहले स्कूलों और कालेजों के नालियों की होगी सफाई, नगर निगम ने बनाई चार जोनल टीमें
रांची नगर निगम ने मानसून से पहले स्कूलों और कॉलेजों के आसपास जलजमाव रोकने के लिए विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। ...और पढ़ें

AI Generated Image
HighLights
मानसून पूर्व स्कूलों-कॉलेजों के आसपास नालियों की सफाई।
जलजमाव रोकने को निगम ने बनाई चार जोनल टीमें।
सिल्ट हटाकर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने का लक्ष्य।
जागरण संवाददाता, रांची। आगामी मानसून के दौरान स्कूलों और कालेजों के आसपास जलजमाव की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने विशेष सफाई अभियान शुरू किया है।
इसके तहत निगम क्षेत्र के सभी स्कूलों और कालेजों के एप्रोच रोड के 500 मीटर दायरे में स्थित नालियों की व्यापक सफाई कराई जाएगी, ताकि बारिश के दौरान जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
अभियान के प्रभावी संचालन और निगरानी के लिए अपर नगर आयुक्त ने निगम के चारों जोन के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया है। इन टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित सभी स्कूलों और कालेजों का सर्वेक्षण कर नालियों की सफाई, सिल्ट हटाने और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं करने का निर्देश दिया गया है।
नगर निगम ने संबंधित स्वच्छता अधीक्षकों और स्वच्छता समन्वयकों को निर्देश दिया है कि मानसून पूर्व सभी शैक्षणिक संस्थानों के आसपास स्थित नालियों की शत-प्रतिशत सफाई की जाए।
नालियों से निकाली गई सिल्ट का अगले ही दिन उठाव किया जाएगा तथा संक्रमण की रोकथाम के लिए संबंधित स्थलों पर ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी कराया जाएगा। सफाई कार्य के दौरान हटाए गए स्लैब को तत्काल पुन स्थापित करने तथा जहां स्लैब उपलब्ध नहीं हैं वहां नए स्लैब लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के लिए सुपर सकर, जेसीबी और डिसिल्टिंग मशीन समेत आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता भी की जा रही है। नगर निगम का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य बारिश के मौसम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम नागरिकों को सुरक्षित और बाधारहित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है।