JPSC में गड़बड़ी को लेकर सड़कों पर उतरे छात्र, जयपाल सिंह स्टेडियम से अलबर्ट एक्का चौक तक विरोध मार्च
जेपीएससी में कथित अनियमितताओं के विरोध में छात्रों ने जयपाल सिंह स्टेडियम से अलबर्ट एक्का चौक तक विरोध मार्च निकाला, जिससे शहर में यातायात व्यवस्था प् ...और पढ़ें

HighLights
छात्रों ने रांची में जेपीएससी अनियमितताओं का विरोध किया।
जयपाल सिंह स्टेडियम से अलबर्ट एक्का चौक तक मार्च।
निष्पक्ष जांच की मांग, आंदोलन जारी रखने का संकल्प।
जागरण संवाददाता, रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) में कथित अनियमितताओं के विरोध में बुधवार को बड़ी संख्या में छात्रों ने जयपाल सिंह स्टेडियम से अलबर्ट एक्का चौक तक विरोध मार्च निकाला।
मार्च के बाद छात्र अलबर्ट एक्का चौक पर कई घंटों तक प्रदर्शन करते रहे। इस दौरान शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही और कई प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया।

प्रदर्शनकारियों ने जेपीएससी में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे।
अलबर्ट एक्का चौक सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी और बैरिकेडिंग कर स्थिति पर लगातार नजर रखी गई।

कई घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण अलबर्ट एक्का चौक और आसपास के मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में एंबुलेंस समेत कई वाहन फंस गए, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यातायात व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया और वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की।

अलबर्ट एक्का चौक पर प्रदर्शन समाप्त होने के बाद छात्र वापस जयपाल सिंह स्टेडियम पहुंचे, जहां उन्होंने धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
यह भी पढ़ें- विधानसभा के मानसून सत्र से पहले JPSC अध्यक्ष पद पर होगी नियुक्ति, खियांगते से CID की पूछताछ जारी
यह भी पढ़ें- झारखंड में पेपर लीक को लेकर गरमाई राजनीति, संसद से लेकर सड़क तक हेमंत सरकार को घेरेगी BJP