Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    रिम्स में जलजमाव पर स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी सख्त, ठेकेदार को डी-रजिस्टर करने का निर्देश; मांगी रिपोर्ट

    Updated: Fri, 07 Aug 2026 07:00 AM (IST)

    स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने रिम्स परिसर में जलजमाव पर संज्ञान लेते हुए निदेशक से रिपोर्ट मांगी। ...और पढ़ें

    रिम्स में जलजमाव पर स्वास्थ्य मंत्री ने रिम्स निदेशक व अधीक्षक को किया तलब। (जागरण)

    रिम्स में जलजमाव पर स्वास्थ्य मंत्री ने रिम्स निदेशक व अधीक्षक को किया तलब। (जागरण)

    HighLights

    1. स्वास्थ्य मंत्री ने रिम्स जलजमाव पर तत्काल संज्ञान लिया।

    2. खराब कार्य गुणवत्ता पर संवेदक के डी-रजिस्ट्रेशन का आदेश।

    3. लापरवाही बर्दाश्त नहीं, अधिकारियों को जवाबदेह बनने को कहा।

    जागरण संवाददाता, रांची। रिम्स परिसर में बारिश के दौरान जलजमाव की तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया।

    उन्होंने रिम्स के निदेशक और अधीक्षक से रिपोर्ट तलब करते हुए स्पष्ट किया कि राज्य के सबसे बड़े अस्पताल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    रिम्स के निदेशक डॉ. दीपेंद्र कुमार सिन्हा ने मंत्री को बताया कि लगातार बारिश के बीच मरम्मत कार्य के दौरान कुछ समय के लिए जलजमाव की स्थिति बनी थी।

    जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित संवेदक ने कार्य स्वयं कराने के बजाय पेटी कॉन्ट्रैक्ट (सब-कान्ट्रैक्ट) के माध्यम से कराया, जिससे कार्य की गुणवत्ता और निगरानी प्रभावित हुई।

    स्वास्थ्य मंत्री ने सचिव को दिए निर्देश

    इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने भवन निर्माण विभाग के सचिव को संबंधित संवेदक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई शुरू करने और उसके डी-रजिस्ट्रेशन (पंजीकरण निरस्तीकरण) की प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्देश दिया।

    उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और जिम्मेदारी से चूक करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

    मंत्री ने रिम्स प्रशासन को निर्माण और मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारियों और अभियंताओं को पूरी जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।

    उन्होंने कहा कि गुणवत्ता में कमी या निगरानी में लापरवाही अब किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, जलजमाव की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब आधे घंटे के भीतर परिसर से पानी की निकासी कर स्थिति सामान्य कर दी।

    इस दौरान अस्पताल की चिकित्सा सेवाएं प्रभावित नहीं हुईं और मरीजों के इलाज पर कोई असर नहीं पड़ा। डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि रिम्स राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था का प्रमुख संस्थान है और सरकार यहां आधुनिक एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

    उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि भविष्य में किसी भी घटना की तथ्यात्मक और समयबद्ध जानकारी मीडिया तथा आम जनता तक पहुंचाई जाए, ताकि अफवाहों और भ्रम की स्थिति पैदा न हो। साथ ही उन्होंने दोहराया कि रिम्स में लापरवाही के लिए किसी भी अधिकारी, अभियंता या संवेदक को बख्शा नहीं जाएगा।

    यह भी पढ़ें- ‘यूपी-बिहार में आंदोलन करने पर मार दी जाती है गोली’, JPSC-JSSC विवाद पर बोले झारखंड के मंत्री इरफान अंसारी

    खबरें और भी