मंत्री जी, सड़क में बहुत गड्ढे हैं, ठीक करा दें: उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने मंत्री सुदिव्य कुमार से की अपील
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने आईआईएम रांची के दीक्षा समारोह में शहर की सड़कों की खराब हालत पर चिंता जताई। उन्होंने मंत्री सुदिव्य कुमार से अरगोड़ा च ...और पढ़ें
-1774764566402_m.webp)
अरगोड़ा से आइआइएम रोड खराब। फोटो जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
आदिल हसन, रांची। उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने आईआईएम रांची के 15वें दीक्षा समारोह के दौरान शहर की सड़कों की बदहाल स्थिति पर चिंता जताई। अपने संबोधन में उन्होंने नगर विकास सह उच्च तकनीकी शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार से सीधे कहा कि “मंत्री जी, सड़क में बहुत गड्ढे हैं, इसे ठीक कराइए।”
उन्होंने खासतौर पर अरगोड़ा चौक से पुंदाग होते हुए भारतीय प्रबंधन संस्थान रांची तक जाने वाली सड़क की जर्जर हालत का जिक्र किया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि रांची में पिछले तीन वर्षों में फ्लाईओवर और कई सड़कों का निर्माण हुआ है, लेकिन राज्य के प्रतिष्ठित संस्थान तक पहुंचने वाली सड़क की स्थिति बेहद खराब है। उनके इस बयान पर सभागार में जोरदार तालियां बजीं।
6 किलोमीटर में 200 से अधिक गड्ढे
कार्यक्रम के बाद दैनिक जागरण टीम ने आईआईएम रांची से अरगोड़ा चौक तक करीब 6 किलोमीटर सड़क की पड़ताल की। इस दौरान पूरे मार्ग में 200 से अधिक गड्ढे पाए गए। सबसे खराब स्थिति आईएसएम चौक से अरगोड़ा मुक्तिधाम पुल के बीच देखने को मिली, जहां सड़क का स्वरूप ही खत्म हो चुका है।

पुल से पहले सड़क पूरी तरह उखड़ी हुई है, जबकि पुल से पेट्रोल पंप के बीच दो दर्जन से अधिक बड़े गड्ढे हैं। वाहन चालकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर धूल का गुबार और कई जगह नाले का गंदा पानी बहता मिला, जिससे हालात और खराब हो गए हैं।
खबरें और भी
आगमन से पहले जल्दबाजी में भरे गए गड्ढे
पड़ताल में यह भी सामने आया कि उपराष्ट्रपति के आगमन से ठीक पहले सड़क के कई बड़े गड्ढों को अस्थायी रूप से भरा गया था। कई जगह ताजा सीमेंट-कंक्रीट और अलकतरा की परत नजर आई। कुछ स्थानों पर गड्ढों को पत्थरों से ढककर सुखाने की कोशिश की गई थी, जिससे साफ था कि मरम्मत जल्दबाजी में की गई।

फोर लेन सड़क की तैयारी, जमीन अधिग्रहण शुरू
अरगोड़ा (पुराना चौक) से पुंदाग होते हुए नया सराय रिंग रोड तक प्रस्तावित फोर लेन सड़क निर्माण की दिशा में प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसी मार्च में ही जिला भू-अर्जन कार्यालय द्वारा प्रारंभिक अधिसूचना जारी की गई है।
करीब 6.175 किलोमीटर लंबी इस सड़क परियोजना में पुल-पुलिया का निर्माण भी शामिल है। इसके लिए अरगोड़ा अंचल के मौजा टुंडुल में लगभग 2.206 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। परियोजना पूरी होने के बाद इस मार्ग की कनेक्टिविटी रिंग रोड से मजबूत होगी और आवागमन सुगम होने की उम्मीद है।