झोपड़ी में ईंट की मेज पर मोबाइल से पढ़ाई, साहिबगंज की बेटी का संघर्ष सुन भावुक हुए SP
साहिबगंज एसपी अमित कुमार सिंह एक संघर्षरत किशोरी की कहानी सुनकर भावुक हो गए। ...और पढ़ें

एसपी ने की मदद। (जागरण)
HighLights
एसपी अमित कुमार सिंह ने सुनी किशोरी की संघर्ष गाथा।
किशोरी को पढ़ाई के लिए कॉपी-किताब, टेबल-कुर्सी मिली।
घर में बिजली कनेक्शन और सोलर लाइट की व्यवस्था की गई।
जागरण संवाददाता, साहिबगंज। एसपी अमित कुमार शनिवार को एक किशोरी के संघर्ष की कहानी सुनकर अवाक रह गए। तत्काल उसके लिए कॉपी-किताब के साथ-साथ टेबल-कुर्सी व घरेलू उपयोग के सामान की व्यवस्था करने तथा घर में सोलर लाइट लगाने का निर्देश अपने कार्यालय कर्मियों को दिया।
कॉपी-किताब सहित अन्य जरूरी सामग्री तत्काल खरीदकर दे दिया गया। बिजली का कनेक्शन भी जोड़ दिया गया। सोलर लाइट एक-दो दिनों में लगा दी जाएगी।
दरअसल, एसपी अमित कुमार सिंह प्रत्येक दिन दोपहर दो बजे से शाम चार बजे तक आमलोगों की शिकायत सुनते हैं। इसी क्रम में शनिवार को हबीबपुर निवासी मनोज श्रीवास्तव की पत्नी रूबी सिन्हा अपनी बेटी के साथ पहुंची।

इससे पहले वह डीसी के यहां भी गयी थी। महिला को उसके पति ने अलग कर रखा है। पति गोड्डा में स्कूल चलाता है और वहीं रहता है।
झोपड़ी में रहती है रूबी
रूबी सिन्हा केंद्रीय विद्यालय के सामने स्थित विवाह भवन के बगल में एक झोपड़ी में रहती है। उसमें बिजली का कनेक्शन तक नहीं था। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि इसी साल उसने साहिबगंज कालेज में नामांकन लिया है।
चूंकि उसके पास किताब खरीदने के पैसे नहीं हैं इस वजह से वह मोबाइल से ऑनलाइन पढ़ती है और घर में बिजली का कनेक्शन नहीं होने से उसे चार्ज करने में परेशानी होती है।

इसी घर में रहती है रूबी।
वह कुछ बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती है जिससे मां-बेटी का जीवन यापन होता है। जहां वह ट्यूशन पढ़ाने जाती है वहीं मोबाइल चार्ज कर लेती है।
एसपी ने विस्तार से पूछताछ की तो उसने बताया कि वह ईंट पर पटरा रखकर उसे टेबल बना लिया। उसी पर बैठकर पढ़ती है। जमीन पर सोने की बात कही।
ऐसे में एसपी ने तत्काल उसके लिए फोल्डिंग, स्टडी टेबल, आगामी तीन साल के लिए किताब व कॉपी खरीदकर देने तथा घर में बिजली का कनेक्शन व सोलर लाइट लगवाने का निर्देश दिया। एसपी ने किसी प्रकार की समस्या होने पर पुन: संपर्क करने को कहा।