गौतम मुंडा हत्याकांड: सरायकेला में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पुराना विवाद बना हत्या की वजह
गम्हरिया के शिवनारायणपुर में गौतम मुंडा की पत्थर से कूचकर हत्या के मुख्य आरोपी राहुल हेंब्रम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ...और पढ़ें
-1784201073920_m.webp)
HighLights
गौतम मुंडा हत्याकांड का मुख्य आरोपी राहुल हेंब्रम गिरफ्तार।
पुराने रास्ते के विवाद में पत्थर से कूचकर हत्या।
दूसरा आरोपी गौड़ गोप अभी भी फरार, पुलिस तलाश में।
संवाद सहयोगी, गम्हरिया। बीते रविवार की देर रात गम्हरिया के शिवनारायणपुर गांव में गौतम मुंडा नामक युवक की पत्थर से कूच कर की गई हत्या मामले का खुलासा करते हुए आदित्यपुर पुलिस ने मुख्य हत्यारोपी राहुल हेंब्रम उर्फ दीपक को गिरफ्तार कर लिया है जबकि इस मामले का दूसरा आरोपी गौड़ गोप अभी फरार है।
पूछताछ के बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस संबंध में थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि वारदात के दिन शिवनारायणपुर गांव में सोनू नामक युवक की बहन का मंगनी (सगाई) समारोह चल रहा था।
इसी दौरान वहां से बाइक पर गुजर रहे स्थानीय निवासी गौतम मुंडा और उसके दोस्त कंचन की राहुल हेम्ब्रम के साथ किसी बात को लेकर तीखी बहस हो गई। बताया गया है कि दोनों पक्षों के बीच रास्ते को लेकर पुराना विवाद भी चल रहा था, जो उस वक्त दोबारा भड़क गया।
गाली-गलौज से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान जान बचाने के लिए गौतम और कंचन वहां से भागने लगे, लेकिन आरोपी राहुल ने गौतम को दौड़ाकर पकड़ लिया और जमीन पर गिराकर भारी पत्थर से कूच-कूच कर उसकी निर्मम हत्या कर दी।
खबरें और भी
इस जानलेवा हमले के दौरान गौतम का दोस्त कंचन किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल हेम्ब्रम की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए खून से सने पत्थर को भी जब्त कर लिया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम फरार आरोपी गौड़ गोप की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस अभियान में थाना प्रभारी अंजनी कुमार के साथ मुख्य रूप से सब-इंस्पेक्टर सुनील सिंह, हीरालाल यादव और अमीश कुमार शामिल थे।