सरायकेला: नशे में ड्राइविंग पर पुलिस की सख्ती, ब्रेथ एनालाइजर से ड्राइवरों की होगी जांच
रोला खैरबनी में भीषण सड़क दुर्घटना के बाद राजनगर पुलिस ने सड़क सुरक्षा अभियान तेज कर दिया है, जिसमें ब्रेथ एनालाइजर से नशे में ड्राइविंग की जांच की जा ...और पढ़ें
-1783586203072_m.webp)
HighLights
रोला खैरबनी दुर्घटना के बाद राजनगर पुलिस का अभियान तेज।
ब्रेथ एनालाइजर से चालकों की नशे में ड्राइविंग की जांच।
नशे में वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी।
संवाद सूत्र, राजनगर। एनएच-220 पर रोला खैरबनी में बीते दिनों हुए दो ट्रकों के बीच आमने सामने की भीषण टक्कर में आग से जल कर दो चालकों की मौत की हृदयविदारक घटना के बाद राजनगर पुलिस और यातायात विभाग ने सड़क सुरक्षा अभियान तेज कर दिया है।
बुधवार को राजनगर थाना गेट के समीप विशेष ड्रंक एन्ड ड्राइव जांच अभियान चलाकर ट्रक सहित अन्य भारी एवं व्यावसायिक वाहनों के चालकों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई। इस दौरान चालकों को शराब के नशे में वाहन नहीं चलाने तथा यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई।
अभियान में शामिल यातायात आरक्षी भोला कुमार ने कहा कि जिले में होने वाली कई गंभीर सड़क दुर्घटनाओं के पीछे नशे की हालत में वाहन चलाना एक प्रमुख कारण बनकर सामने आया है। शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य राहगीरों की जान भी खतरे में पड़ जाती है।
ऐसे में वाहन चालकों की नियमित जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए जुर्माना व अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, सीट बेल्ट लगाने, लंबी दूरी की यात्रा के दौरान पर्याप्त आराम करने तथा ओवरलोडिंग से बचने की भी अपील की जा रही है।
वहीं राजनगर थाना प्रभारी विपुल ओझा ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस प्रशासन की नहीं, बल्कि प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों की जान बचाने के उद्देश्य से आगे भी इस प्रकार का जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान में प्रमोद कुमार सिंह, हरिओम मिश्रा, संजय यादव मौजूद थे।
यह भी पढ़ें- पलामू में पारिवारिक विवाद के बीच मां ने दो बेटियों संग कुएं में लगाई छलांग, दोनों मासूमों की मौत
यह भी पढ़ें- मां बीमार, बेटे की फीस के लिए आते रहे फोन... और 4 महीने से नहीं मिली सैलरी; तंग आकर महिला होमगार्ड ने पी ली फिनाइल