चक्रधरपुर में ब्राउन शुगर सिंडिकेट का भंडाफोड़: एक ही दिन में 75 पुड़िया के साथ 5 Drug peddler गिरफ्तार
पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने चक्रधरपुर में ब्राउन शुगर के एक बड़े संगठित सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग छापेमारी कर कुल ...और पढ़ें

चक्रधरपुर थाना में प्रेस वार्ता में जानकारी देते पुलिस पदाधिकारी व पीछे खड़े नकाबपोश बदमाश।
HighLights
24 घंटे के भीतर पांच शातिर तस्करों को किया गिरफ्तार।
पुलिस ने 75 पुड़िया ब्राउन शुगर और एक बाइक जब्त की।
जागरण संवाददाता, चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। चक्रधरपुर थाना पुलिस ने मंगलवार, 8 जुलाई को ब्राउन शुगर तस्करी के एक बड़े संगठित सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कुल पांच शातिर तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया।
इनके पास से 75 पुड़िया ब्राउन शुगर (वजन लगभग 16.75 ग्राम), एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी ने बताया कि पहली छापामारी पुराना बस्ती इलाके में की गई।
गुप्त सूचना के आधार पर SDPO डॉ. हाशमी के नेतृत्व और थाना प्रभारी अवधेश कुमार की अगुवाई में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास कर रहे शेखर सुमन साहू और शुभम वर्मण को सशस्त्र बलों के सहयोग से दबोच लिया गया।
तलाशी लेने पर शेखर सुमन के पास से 11.1 ग्राम (40 पुड़िया) और शुभम वर्मण के पास से 2 ग्राम (10 पुड़िया) ब्राउन शुगर बरामद हुई।
मौके पर ही इनसे नशा खरीदने आए ग्राहक आशीफ शेख उर्फ बंगला को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक और मोबाइल भी जब्त किया गया।
इसी क्रम में पुलिस ने दूसरी कार्रवाई उसी दिन शाम को पोर्टर खोली क्षेत्र में की। सटीक सूचना पर नाकेबंदी कर पुलिस ने अभिषेक प्रामाणिक उर्फ अंडा और मुकेश राम रवि उर्फ बम्बा को दबोचा।
तलाशी के दौरान अभिषेक के पास से 3.5 ग्राम (24 पुड़िया) और मुकेश के पास से 0.15 ग्राम (1 पुड़िया) ब्राउन शुगर के साथ मोबाइल फोन बरामद हुआ।
पुलिस की पूछताछ में सभी आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे चक्रधरपुर में अवैध ड्रग्स की खरीद-बिक्री का काला कारोबार चला रहे थे।
पुलिस अब इस ड्रग्स सिंडिकेट के अंतरराज्यीय कड़ियों और मुख्य सप्लायरों का पता लगाने में जुटी है। इधर, पश्चिमी सिंहभूम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की नशीले पदार्थों की तस्करी या संदिग्ध आपराधिक गतिविधियों की जानकारी डायल-112 या पुलिस नियंत्रण कक्ष के मोबाइल नंबर 9931422251 पर साझा करें।