पश्चिमी सिंहभूम के गाड़ा हाटिंग में पानी का संकट गहराया, 300 परिवारों को सिर्फ 2 घंटे मिल रहा पानी
पश्चिमी सिंहभूम के किरीबुरू स्थित गाड़ा हाटिंग बस्ती में 300 परिवारों को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। ...और पढ़ें
-1786099119645_m.webp)
पानी के लिए परेशान लोग। (जागरण)
HighLights
गाड़ा हाटिंग में 300 परिवारों को गंभीर पेयजल संकट।
सेल प्रबंधन से केवल दो घंटे होती है पानी की आपूर्ति।
ग्रामीणों ने अतिरिक्त पाइपलाइन और समय बढ़ाने की मांग की।
जागरण संवाददाता, चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला के किरीबुरू थाना क्षेत्र की गाड़ा हाटिंग बस्ती में इन दिनों पेयजल संकट गंभीर होता जा रहा है।
करीब 300 परिवारों की आबादी वाली इस बस्ती में पेयजल आपूर्ति के लिए सेल प्रबंधन की ओर से केवल एक पाइपलाइन की व्यवस्था है।
इसी पाइपलाइन से प्रतिदिन सुबह 9 बजे से 11 बजे तक मात्र दो घंटे पानी की आपूर्ति की जाती है, जिससे सभी परिवारों की जरूरत पूरी नहीं हो पा रही है।
जलापूर्ति शुरू होते ही पाइपलाइन के पास पानी भरने के लिए लोगों की लंबी कतार लग जाती है। सीमित समय में पर्याप्त पानी नहीं मिल पाने के कारण कई परिवारों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर महिलाओं को घरेलू जरूरतों के लिए पानी संग्रह करने में काफी कठिनाई होती है।
लंबे समय से बनी है समस्या
स्थानीय लोगों का कहना है कि गाड़ा हाटिंग में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई है। बस्ती की बढ़ती आबादी के बावजूद अब तक दूसरी पाइपलाइन या वैकल्पिक जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं की गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार सेल प्रबंधन और प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पानी की मांग और बढ़ जाती है। ऐसे में केवल दो घंटे की जलापूर्ति पूरे दिन की जरूरत पूरी करने के लिए पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने सेल प्रबंधन एवं जिला प्रशासन से बस्ती में अतिरिक्त पाइपलाइन बिछाने, जलापूर्ति का समय बढ़ाने तथा पेयजल संकट के स्थायी समाधान की मांग की है।
यह भी पढ़ें- चाईबासा मर्डर केस: प्रेम-प्रसंग के खूनी अंजाम का 24 घंटे में पर्दाफाश, 3 आरोपी गिरफ्तार