Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पश्चिमी सिंहभूम में कबाड़ कारोबारी की निर्मम हत्या: नदी में पत्थर से बंधा मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

    Updated: Sun, 19 Jul 2026 03:45 PM (IST)

    पश्चिमी सिंहभूम के गुवा में एक कबाड़ी व्यवसायी की हत्या कर शव को पत्थर से बांधकर कारो नदी में फेंक दिया गया। पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है, ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. कबाड़ी व्यवसायी कुर्मान शेख की हत्या।

    2. शव पत्थर से बांधकर कारो नदी में फेंका।

    3. पुलिस ने जांच शुरू की, इलाके में दहशत।

    जागरण संवाददाता, नोवामुंडी (पश्चिमी सिंहभूम)। पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा थाना क्षेत्र में एक कबाड़ी व्यवसायी की हत्या कर उसके शव को बड़े पत्थर से बांधकर कारो नदी में फेंक देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रविवार सुबह नदी में शव मिलने की सूचना मिलते ही गुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हत्या की इस वारदात से गुवा और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल है।

    पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 39 वर्षीय कुर्मान शेख के रूप में हुई है। वह पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा का रहने वाला था। कुर्मान शेख पिछले कुछ समय से गुवा बाजार और आसपास के इलाकों में घूम-घूमकर लोहे का कबाड़ खरीदने का काम करता था। वह गुवा थाना क्षेत्र के हिरजी हाटिंग स्थित एक किराए के मकान में अपने साथी अल्ताफ शेख के साथ रह रहा था।

    शनिवार रात तक देखा गया था कुर्मान

    स्थानीय लोगों के मुताबिक, अल्ताफ शेख शनिवार दोपहर जनशताब्दी एक्सप्रेस से अपने घर मुर्शिदाबाद के लिए रवाना हो गया था। वहीं कुर्मान शेख को शनिवार रात करीब आठ बजे तक गुवा क्षेत्र में देखा गया था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। रविवार सुबह जब कुछ ग्रामीण कारो नदी के किनारे पहुंचे तो पानी में एक शव दिखाई दिया। शव बड़े पत्थर से बंधा हुआ था। इसकी सूचना तत्काल गुवा थाना पुलिस को दी गई।

    पत्थर से सिर कुचलकर हत्या की आशंका

    सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि कुर्मान शेख की हत्या किसी भारी पत्थर या अन्य ठोस वस्तु से सिर पर वार कर की गई है। इसके बाद हत्या के साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को बड़े पत्थर से बांधकर कारो नदी में फेंक दिया गया, ताकि शव बह जाए या लंबे समय तक किसी की नजर में न आए।

    खबरें और भी

    West Singhbhum News

    पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत का कारण स्पष्ट

    पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण और हत्या के तरीके की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

    हर पहलू पर जांच, कई लोगों से पूछताछ

    गुवा थाना पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। मृतक के साथ रहने वाले लोगों, स्थानीय कबाड़ कारोबारियों तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हत्या व्यक्तिगत रंजिश, लूटपाट या किसी अन्य वजह से की गई है। घटनास्थल और आसपास के इलाके से भी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

    क्षेत्र में दहशत, जल्द खुलासे का दावा

    इस निर्मम हत्या के बाद हिरजी हाटिंग, गुवा बाजार और आसपास के क्षेत्रों में भय और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की वारदात से क्षेत्र में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

    यह भी पढ़ें- लातेहार में इनामी इनामी नक्सली की निशानदेही पर बड़ी कामयाबी, AK-56 राइफल समेत 90 जिंदा कारतूस बरामद

    यह भी पढ़ें- झारखंड में मुख्य सचिव के आदेश के बावजूद डीआरडीए में जमे हैं पुराने कर्मी, वेतन घोटाले का असर नहीं