खत्म हो गया है रिमूवर? घर की इन 5 चीजों से मिनटों में हटाएं वॉटरप्रूफ मेकअप, मिलेगी साफ और निखरी त्वचा
वॉटरप्रूफ मेकअप पसीने या पानी से खराब नहीं होता और लंबे समय तक टिका रहता है, लेकिन असली परेशानी तब शुरू होती है जब रात को इसे हटाने की बारी आती है। ...और पढ़ें

बिना रिमूवर के वॉटरप्रूफ मेकअप हटाने के 5 असरदार तरीके (Image Source: AI-Generated)
HighLights
नारियल तेल जिद्दी वॉटरप्रूफ मेकअप को आसानी से हटाता है
कच्चा दूध संवेदनशील त्वचा के लिए प्राकृतिक क्लींजर का काम करता है
पेट्रोलियम जेली से आंखों का वॉटरप्रूफ मेकअप सुरक्षित रूप से हटाएं
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। पार्टी या शादी से थके-हारे घर लौटने के बाद मेकअप हटाना सबसे उबाऊ काम लगता है और अगर मेकअप वॉटरप्रूफ हो, तब तो बिना रिमूवर के इसे हटाना किसी जंग जीतने जैसा होता है। साबुन या पानी से रगड़ने पर त्वचा छिलने का डर रहता है और मेकअप भी पूरी तरह साफ नहीं होता।
हालांकि, यह परेशान होने वाली बात भी नहीं है। अगर आपका मेकअप रिमूवर खत्म हो गया है, तो आपकी रसोई और ड्रेसिंग टेबल पर ही ऐसे कई नुस्खे मौजूद हैं जो आपकी मदद कर सकते हैं। जी हां, बिना किसी केमिकल के नेचुरली वॉटरप्रूफ मेकअप हटाने के लिए आप इस आर्टिकल में बताए 5 टिप्स आजमा सकते हैं।

(Image Source: AI-Generated)
नारियल का तेल
नारियल का तेल जिद्दी से जिद्दी वॉटरप्रूफ फाउंडेशन और लिपस्टिक को मेल्ट करने में माहिर है। यह त्वचा के लिए बेहद सुरक्षित और फायदेमंद भी है। बस थोड़ा-सा तेल हथेलियों पर लें और हल्के हाथों से चेहरे पर 1-2 मिनट तक मसाज करें। जब मेकअप पिघलने लगे, तो इसे रुई या किसी मुलायम सूती कपड़े से धीरे से पोंछ लें।
कच्चा दूध
दूध सिर्फ सेहत के लिए ही नहीं, बल्कि त्वचा को गहराई से साफ करने के भी बहुत काम आता है। कच्चा दूध एक बेहतरीन नेचुरल क्लींजर है जो सेंसिटिव स्किन वालों के लिए भी वरदान है। इसका इस्तेमाल करने के लिए एक रुई के टुकड़े को ठंडे कच्चे दूध में डुबोएं और धीरे-धीरे अपने चेहरे और आई मेकअप साफ करें। खास बात है कि यह मेकअप तो हटाएगा ही, साथ ही चेहरे को मुलायम भी बनाएगा।
खबरें और भी
पेट्रोलियम जेली
वॉटरप्रूफ मस्कारा और आईलाइनर हटाना सबसे बड़ा सिरदर्द होता है क्योंकि आंखों के आस-पास की त्वचा बहुत नाज़ुक होती है। इसके लिए वैसलीन सबसे असरदार और सुरक्षित तरीका है। इसलिए थोड़ी-सी पेट्रोलियम जेली अपनी उंगलियों या ईयरबड पर लें और आई मेकअप पर हल्के से लगाएं। 1-2 मिनट तक इसे लगा रहने दें ताकि मेकअप लूज हो जाए, फिर इसे रुई से पोंछ लें।
जैतून या बादाम का तेल
अगर आपकी स्किन ड्राई है, तो मेकअप हटाने के लिए जैतून या बादाम का तेल आपके लिए एकदम सही रहेगा। ये तेल मेकअप के भारी कणों को आसानी से तोड़ देते हैं। तेल की कुछ बूंदें लें और चेहरे पर सर्कुलर मोशन में मालिश करें। इसके बाद एक सूती कपड़े को हल्के गर्म पानी में डुबोकर निचोड़ लें और उससे अपना चेहरा साफ कर लें। इससे त्वचा की नमी भी बरकरार रहेगी।
एलोवेरा जेल
अगर आपकी स्किन ऑयली है या आपको चेहरे पर तेल लगाना भारी लगता है, तो आप एलोवेरा जेल का इस्तेमाल कर सकती हैं। यह मेकअप को हटाने के साथ-साथ त्वचा को ठंडक और आराम भी देता है। इसका इस्तेमाल करने लिए आप शुद्ध एलोवेरा जेल की अच्छी मात्रा लें और चेहरे पर लगाकर मसाज करें। आप चाहें तो इसमें एक बूंद ग्लिसरीन या जैतून का तेल भी मिला सकती हैं। इसके बाद गीले रुई के पैड से चेहरा साफ कर लें।
इन घरेलू तरीकों से मेकअप हटाने के बाद, अपने चेहरे को अपने रेगुलर फेस वॉश और पानी से धोना बिल्कुल न भूलें। इससे त्वचा पर बचा हुआ तेल और मेकअप के छोटे-कण पूरी तरह साफ हो जाएंगे और आपकी त्वचा खुलकर सांस ले पाएगी।
यह भी पढ़ें- ग्लोइंग स्किन का सीक्रेट है मजबूत स्किन बैरियर, एक्सपर्ट ने बताए इसे रीसेट करने के 5 तरीके
यह भी पढ़ें- स्टिकी आईलैशेज को कहें बाय, आसान और मेस-फ्री लुक के लिए चुनें मैग्नेटिक आईलैशेज
Disclaimer: लेख में उल्लेखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो, तो हमेशा डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लें।