Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    ज्यादा पसीना आना बन सकता है फंगल इन्फेक्शन की वजह, इन स्किन केयर टिप्स से रखें अपनी त्वचा सुरक्षित

    Updated: Tue, 02 Jun 2026 12:37 PM (IST)

    गर्मी के मौसम में ज्यादा पसीना आने की वजह से स्किन से जुड़ी कई समस्याएं हो सकती हैं। ...और पढ़ें

    गर्मी में कैसे रखें त्वचा का ख्याल (Picture Courtesy: Freepik)

    गर्मी में कैसे रखें त्वचा का ख्याल (Picture Courtesy: Freepik)

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। गर्मी के मौसम में शरीर का तापमान नियंत्रित करने के लिए पसीना आना एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन ज्यादा पसीना आने के कारण स्किन प्रॉब्लम्स का रिस्क बढ़ जाता है। 

    जी हां, ज्यादा पसीना आने से सिर्फ डिसकम्फर्ट ही नहीं, बल्कि यह बैक्टीरिया और फंगस पनपने का पूरा मौका दे देता है। इसलिए गर्मी और उमस के कारण त्वचा से जुड़ी परेशानियां तेजी से बढ़ने लगती हैं। आइए डॉ. राधिका रहेजा (त्वचा रोग एवं हेयर ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ, एशियन हॉस्पिटल, फरीदाबाद) से जानें कि पसीने के कारण क्या-क्या समस्याएं हो सकती हैं और इनसे बचने के लिए क्या करें। 

    ज्यादा पसीने से बढ़ती हैं ये समस्याएं

    जिन लोगों को बहुत ज्यादा पसीना आता है या जो हाइपरहाइड्रोसिस से जूझ रहे हैं, उनमें स्किन इन्फेक्शन और एलर्जी होने की संभावना काफी ज्यादा होती है।  

    • घमौरियां- जब शरीर से ज्यादा पसीना निकलता है, तो स्वेट ग्लैंड्स ब्लॉक हो सकती हैं। इसकी वजह से त्वचा पर छोटे-छोटे लाल दाने निकल आते हैं और तेज जलन होने लगती है। यह समस्या ज्यादातर गर्दन, पीठ, छाती और बगल में देखने को मिलती है।
    • फंगल इन्फेक्शन- पसीना और त्वचा की नमी फंगस के बढ़ने के लिए सबसे बेहतरीन माहौल बनाते हैं। इसी वजह से जांघों, बगल, उंगलियों के बीच और स्किन के फोल्ड्स में फंगल इन्फेक्शन होने का डर रहता है, जिससे खुजली, रेडनेस और जलन की शिकायत बढ़ जाती है।
    • मुंहासे और पिंपल्स- ज्यादा पसीना आने से त्वचा के पोर्स बंद हो जाते हैं। जब इस पसीने के साथ तेल और धूल-मिट्टी मिल जाते हैं, तो चेहरे, पीठ और कंधों पर पिंपल्स की समस्या खड़ी हो जाती है।
    • स्किन एलर्जी और जलन- कई बार ज्यादा पसीने के कारण त्वचा में आपस में रगड़ होती है, जिससे रैशेज और एलर्जी हो सकती है। अगर आप ऐसे में सिंथेटिक कपड़े पहनते हैं या त्वचा लंबे समय तक गीली रहती है, तो यह परेशानी और ज्यादा गंभीर रूप ले सकती है।
    • शरीर की दुर्गंध और बैक्टीरियल इन्फेक्शन- आपको यह जानकर हैरानी होगी कि पसीने में खुद की कोई बदबू नहीं होती, लेकिन जब यह त्वचा पर पहले से मौजूद बैक्टीरिया से मिलता है, तो शरीर से बदबू आने लगती है। कई बार यही बैक्टीरिया त्वचा के संक्रमण की वजह भी बन जाते हैं।

    लगातार पसीना त्वचा के लिए गंभीर समस्या बन सकता है। ज्यादा नमी और गर्म वातावरण बैक्टीरिया व फंगस के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करते हैं। इसी कारण फंगल इन्फेक्शन, हीट रैश, एक्ने और स्किन इरिटेशन जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं। इसलिए अगर किसी को सामान्य से ज्यादा पसीना आ रहा है और बार-बार त्वचा की बीमारियां परेशान कर रही हैं, तो इसे बिल्कुल भी नजरअंदाज न करें। इसके लिए सही स्किन केयर और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह लेना बेहद जरूरी है।

    -

    डॉ. राधिका रहेजा, त्वचा रोग एवं हेयर ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ, एशियन हॉस्पिटल, फरीदाबाद

    बचाव के कुछ आसान तरीके

    अपनी रोजमर्रा की आदतों में कुछ छोटे और आसान बदलाव करके आप इन समस्याओं से बचाव कर सकते हैं-

    • गर्मी में हमेशा ढीले-ढाले और सूती कपड़े ही पहनें।
    • पसीना आने पर कोशिश करें कि त्वचा को जल्द से जल्द साफ और सूखा कर लें।
    • दिन भर में कम से कम दो बार जरूर नहाएं।
    • पसीने से गीले हो चुके कपड़ों को बिना देरी किए तुरंत बदलें।
    • स्किन फोल्ड्स और आर्मपिट्स को हमेशा सूखा रखने की कोशिश करें।
    • जरूरत महसूस होने पर डॉक्टर की सलाह लेकर ही एंटी-फंगल पाउडर या एंटीपर्सपिरेंट का इस्तेमाल करें।
    • शरीर को अंदर से हाइड्रेट रखने के लिए भरपूर मात्रा में पानी पिएं।

    डॉक्टर के पास कब जाना है जरूरी?

    अगर आपको त्वचा पर लगातार खुजली, रेडनेस, दाने या इन्फेक्शन की समस्या बार-बार हो रही हो, त्वचा में दर्द महसूस होने लगे या पस बनने लगे, तो बिना देर किए किसी स्किन एक्सपर्ट से मिलना चाहिए। इसके अलावा, अगर आपको सामान्य से बहुत ज्यादा पसीना आता है, तो भी डॉक्टर से सलाह लें क्योंकि यह किसी अंदरूनी मेडिकल समस्या का संकेत भी हो सकता है।


    खबरें और भी