ऑफिस लंच हो बच्चों का टिफिन, इस रेसिपी से झटपट तैयार करें Curd Rice, हाइड्रेटेड रहेगा शरीर
रोज सुबह उठकर यह सोचना कि आज टिफिन में क्या दिया जाए, किसी बड़े टास्क से कम नहीं है। ...और पढ़ें

Curd Rice बनाने के लिए फॉलो करें ये आसान रेसिपी (Image Source: AI-Generated)
लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। भागदौड़ भरे दिनों में तो हमेशा लंच के लिए कुछ ऐसा चाहिए होता है जो जल्दी बन जाए, खाने में स्वादिष्ट हो और सेहत के लिए भी फायदेमंद हो। ऐसे में, साउथ इंडिया की मशहूर डिश 'कर्ड राइस' यानी दही चावल एक परफेक्ट ऑप्शन है।
यह सिर्फ पेट ही नहीं भरता, बल्कि शरीर को अंदर से ठंडक भी देता है। दही में मौजूद गुड बैक्टीरिया पाचन को दुरुस्त रखते हैं। अगर आप इसे लंच में खाते हैं, तो यह आपको दिनभर हाइड्रेटेड और एनर्जेटिक बनाए रखता है, और लंच के बाद आने वाली सुस्ती को भी दूर रखता है।

(Image Source: AI-Generated)
कर्ड राइस बनाने के लिए सामग्री
- पके हुए चावल - 1 कप (ताजे या रात के बचे हुए दोनों चलेंगे)
- ताजा दही - 1 कप
- दूध - 1/4 कप (यह एक सीक्रेट टिप है)
- नमक - स्वादानुसार
- हरा धनिया - थोड़ा-सा (बारीक कटा हुआ)
- अनार के दाने - 2-3 चम्मच (ऑप्शनल, लेकिन बच्चों को बहुत पसंद आते हैं)
तड़के के लिए:
- तेल या घी - 1 चम्मच
- राई - 1/2 छोटी चम्मच
- उड़द दाल - 1/2 छोटी चम्मच (क्रंच के लिए)
- बारीक कटा अदरक - 1/2 छोटी चम्मच
- हरी मिर्च - 1 (बारीक कटी हुई, बच्चों के लिए बना रहे हैं तो न डालें)
- कढ़ी पत्ता - 8 से 10 पत्ते
- सूखी लाल मिर्च - 1
कर्ड राइस बनाने की विधि
- सबसे पहले एक बड़े बाउल में पके हुए चावल लें। अगर चावल थोड़े गरम हैं तो उन्हें हल्का ठंडा होने दें। फिर इन्हें चम्मच या हाथों की मदद से हल्का-सा मैश लें ताकि ये सॉफ्ट हो जाएं।
- अब इन सॉफ्ट चावलों में ताजा दही, थोड़ा सा दूध और स्वादानुसार नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें।
- टिफिन के लिए बनाते समय इसमें थोड़ा दूध जरूर मिलाएं। इससे दोपहर तक दही खट्टा नहीं होगा और चावल एकदम ताजे और क्रीमी रहेंगे।
- गैस पर एक छोटा पैन या तड़का पैन रखें और उसमें तेल या घी गरम करें। सबसे पहले राई डालें। जब राई चटकने लगे, तो उसमें उड़द दाल डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें।
- अब इस तड़के में बारीक कटा अदरक, कटी हुई हरी मिर्च, सूखी लाल मिर्च और कढ़ी पत्ता डालें। कुछ सेकंड भूनें और गैस बंद कर दें। तड़के की खुशबू से ही आपको भूख लगने लगेगी।
- इस गरमा-गरम और खुशबूदार तड़के को दही-चावल के मिक्सचर के ऊपर डालें और अच्छे से मिला लें।
- आखिर में ऊपर से बारीक कटा हरा धनिया और अनार के दाने डालकर इसे और भी कलरफुल बना लें।
- बस, आपका स्वादिष्ट, क्रीमी और हेल्दी कर्ड राइस मिनटों में बनकर बिल्कुल तैयार है। इसे टिफिन में पैक करें और बेफिक्र हो जाएं। यह लंच टाइम तक एकदम फ्रेश रहेगा और खाने वाले का दिल खुश कर देगा।
यह भी पढ़ें- होली के मौके पर बनाने हैं नरम और स्पंजी दही भल्ले, नोट कर लें यह आसान रेसिपी